नई दिल्ली। अगर आप सीएनजी की गाड़ियां चलाते हैं तो आपकी जेब पर बोझ बढ़ने वाला है। आज से दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। दिल्ली में अब सीएनजी का भाव 79.56 रुपये प्रति किलो है। यह नई दरें 17 दिसंबर, 2022 सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं।
शुक्रवार तक दिल्ली में सीएनजी 78.61 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रही थी। ऐसे में अब इसमें 95 पैसे प्रति किलोग्राम का इजाफा हो गया है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की कीमत 82.12 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है जबकि गुरुग्राम में यह 87.89 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।
दिल्ली और गुरुग्राम में सीएनजी की कीमतों में लगभग आठ रुपये का अंतर है। पिछले एक वर्षों के दौरान देश की राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में सीएनजी की कीमतों में 70% से अधिक का इजाफा हो गया है। दिल्ली में सीएनजी की कीमतें इससे पहले 8 अक्टूबर 2022 को बदली थी। उस दौरान कीमतों में तीन रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा किया गया था।
बीते एक वर्षों के दौरान सीएनजी करीब 73 प्रतिशत तक महंगा हो गया है। 1 अक्टूबर 2022 को सीएनजी 45.5 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रहा था जबकि आज यानी 17 दिसंबर 2022 को सीएनजी 79.56 रुपये प्रतिकिलोग्राम हो गया है। ऐसे में पिछले 14 महीनों के दौरान सीएनजी 34.06 रुपये प्रति किलोग्राम महंगा हो गया है। कीमतों में बढ़ोतरी से व्यावसायिक वाहन मालिकों के साथ-साथ निजी रूप से सीएनजी गाड़ियों का इस्तेमाल करने वाले भी परेशान हैं।