बाजरे और मक्के का सेवन सेहत के लिए है फायदेमंद, वजन को करता है कंट्रोल

 

हेल्‍थ। लोग वजन घटाने के लिए तरह तरह के उपाय करते है। कई लोग तो खाना-पीना ही छोड़ देते हैं लेकिन खाना न खाने से वजन कम नहीं होता है। आहार एवं पोषण विशेषज्ञों के अनुसार, भारतीय खाने में ही कई ऐसे व्यंजन हैं, जो वजन कम करने में सहायक होते हैं। अतिरिक्त वसा को कम करने के लिए हमें अपनी डाइट में ऐसी खाद्य सामग्रियों को शामिल करना चाहिए। आपके ही किचन में कम कार्ब के कई विकल्प मिल जाएंगे, जिनका सेवन आपके स्वास्थ्य के लिए भी लाभप्रद है और वजन कम करने में भी सहायक है। भारत में ज्वार, मक्का और बाजना जैसे अनाज का अच्छा उत्पादन होता है। खाने में विकल्प के तौर पर इसे आप रोजाना खाने में कहीं न कहीं इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आपको पता हैं कि इन्हीं अनाज के सेवन से वजन भी घटाया जा सकता है। यहां हम दो अधिक इस्तेमाल होने वाले अनाज मक्का और बाजरे में पाए जाने वाले पोषक तत्वों, सेवन से होने वाले फायदे के बारे में बताने जा रहे हैं। दोनों ही वजन कम करने में मददगार हैं।

बाजरे के सेवन से फायदा :-
बाजरा प्रोटीन, फाइबर और सेहत के लिए फायदेमंद खनिजों से भरपूर होता है। अनाज में बाजरा स्वास्थ्य के लिहाज से बेस्‍ट ऑप्‍शन है। बाजरे में फाइबर की अधिक मात्रा होने के कारण ये पेट को लंबे समय कर भरा हुआ महसूस कराता है। जिससे लोग अधिक खाने से बच जाते हैं और वजन को नियंत्रित करता है। इसलिए वजन कम करने के लिए आप बाजरे की रोटी को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इसके अलावा अगर आपको पाचन की समस्या है तो भी बाजरे का सेवन फायदेमंद है। बाजरा में मैग्नीशियम, पोटेशियम पाया जाता है, जो शरीर के साथ ही हृदय को भी सेहतमंद रखने में कारगर है।

मक्का खाने के फायदे :-
आमतौर पर सर्दियों में मक्के का सेवन लोग अधिक करते हैं। ये गेंहूं के आटे के विकल्प के तौर पर अच्छी खाद्य सामग्री है। मक्का में आयरन, फास्फोरस, जिंक और कई विटामिनों की भरपूर मात्रा मिल जाती है। इसका सेवन केवल वजन कम करने में ही नहीं बल्कि आंखों की रोशनी के लिए भी अच्छा है। इसके अलावा कैंसर और एनीमिया की रोकथाम में भी मक्का कारगर होता है। मक्के में मौजूद कार्बोहाइड्रेट के कारण एनर्जी लेवल बना रहता है और भूख कम लगती है और वजन कंट्रोल होता है। मक्के के आटे के सेवन से शरीर को पर्याप्त मात्रा में फाइबर भी मिलता है, जिससे शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर सामान्य बना रहता है और कब्ज की समस्या से भी निजात मिलता है।

मक्का और बाजरा में से कौन सा आटा ज्यादा फायदेमंद :-
बाजरा और मक्का दोनों ही सेहत के लिए फायदेमंद हैं और वजन कम करने में भी मदद करता हैं लेकिन अगर तुलना की जाए कि बाजरा और मक्का में से कौन सा अनाज तेजी से वजन कम करने में कारगर है तो भले ही दोनों ही ग्लूटेन मुक्त हैं लेकिन अपेक्षाकृत कम कैलोरी के कारण बाजरे का चयन करना बेहतर विकल्प होगा। लेकिन बाजरे का अधिक सेवन पथरी के मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। बाजरे में मौजूद फाइटिक एसिड भी आंत में भोजन के अवशोषण में समस्या पैदा कर सकता है।

मक्के के सेवन से नुकसान :-
वहीं जिन लोगों में ब्लड क्लोट्स और थ्रोम्बोसिस की समस्या होती है, उन्हें मक्के के सेवन से बचना चाहिए, क्योंकि उनके लिए मक्के को पचाना मुश्किल होता है। उन्हें गैस, डायरिया और पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *