दिल्ली में छह साल बाद अक्टूबर में 36.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान

नई दिल्ली। दिल्ली में अक्टूबर में गर्मी ने पसीने छुड़ा दिए हैं। छह साल बाद अक्टूबर में तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इससे पहले वर्ष 2015 में तापमान 37.2 डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि राहत की बात यह है कि अब बुधवार से तापमान में गिरावट होने की संभावना है। सप्ताह के अंत तक तापमान 32 डिग्री तक पहुंच जाएगा। सोमवार को तीखी धूप ने तेज गर्मी का अहसास कराया। ऐसे में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 22.5 डिग्री दर्ज किया गया। अक्तूबर मे अधिकतम तापमान का ऑल टाइम रिकॉर्ड वर्ष 1951 व 2014 का है, जब तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। वर्ष 2015 में तापमान 37.2, वर्ष 2016 में 36.4, वर्ष 2017 में 36.6, 2018 में 36, 2019 में 34.8 और 2020 में 36.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। दिल्ली से मानसून की विदाई हो गई है और सूरज अपने तेवर कड़े किए हुए हैं। इस कारण से सोमवार को जहां औसतन तापमान 36.8 डिग्री रहा। वहीं स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स में सबसे अधिक तापमान 37.7 डिग्री व पूसा रोड मौसम केंद्र पर 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लोदी रोड में तापमान 37.3 डिग्री रहा। मौसम विभाग की माने तो बुधवार से तापमान में गिरावट होगी। वहीं विभाग ने 16 व 17 अक्टूबर को हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। 17 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *