दिल्ली की तरह शानदार होंगे पंजाब के सरकारी स्कूल: सीएम

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने पंजाब के स्कूलों को दिल्ली की तरह बेहतर करने का दावा किया है। उन्‍होंने कहा है कि पंजाब के स्कूलों को ठीक कर 24 लाख बच्चों का भविष्य सुनहरा बनाएंगे। साथ ही दिल्ली का शिक्षा मॉडल इतना बेहतर हुआ है कि 2.50 लाख बच्चों ने प्राइवेट स्कूलों से नाम कटवाकर सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को एक वीडियो संदेश जारी किया। जिसमें उन्होंने कहा कि पंजाब में सरकारी स्कूलों की बुरी हालत है। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 24 लाख गरीब और एससी भाईचारे के बच्चों का भविष्य अंधकारमय है। पंजाब के अध्यापक बहुत अच्छे हैं, लेकिन वो भी बहुत परेशान हैं। सरकारी स्कूलों को शानदार बनाने के लिए सिर्फ पंजाब के लोगों का साथ चाहिए। वीडियो संदेश में केजरीवाल ने पंजाब के सरकारी स्कूल की व्यवस्था पर भी तंज कसा है। कहा कि पंजाब में शिक्षा का बहुत बुरा हाल है। पंजाब के सरकारी स्कूलों का बहुत ही बुरा हाल है। सरकारी स्कूलों में बिल्कुल भी पढ़ाई नहीं होती है, जबकि पंजाब के अध्यापक बहुत ही अच्छे हैं, लेकिन अध्यापक दुखी हैं। कहा कि जरा सोचिए, बदहाल सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले इन 24 लाख बच्चों का क्या भविष्य है? पहले पंजाब के सरकारी स्कूलों की तरह दिल्ली के सरकारी स्कूल भी बहुत खराब हुआ करते थे। मेहनत करके दिल्ली के बदहाल स्कूलों को बढ़िया बनाया है। दिल्ली के सरकारी स्कूल इतने अच्छे हो गए हैं कि इस साल दिल्ली के 2.50 लाख बच्चों ने प्राइवेट स्कूलों से नाम कटवाकर सरकारी स्कूलों में दाखिला लिए हैं। तो क्या पंजाब के स्कूल भी दिल्ली की तरह बढ़िया होने चाहिए या नहीं होने चाहिए?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *