डिप्‍टी सीएम दिनेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर राम राज्याभिषेक शोभायात्रा को किया रवाना

अयोध्या। भव्य दीपोत्सव के आयोजन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। पूरी रामनगरी राममय हो गई है। नगर के साकेत पीजी कॉलेज से राम राज्याभिषेक शोभायात्रा जय श्रीराम के उद्घोष और शंखनाद के साथ रवाना हो चुकी है। जिसमें भारत की लोक संस्कृति के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। शोभयात्रा को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, शाम को होने वाले दीपोत्सव में पांच देशों से आये 10 हजार अतिथि गवाह बनेंगे। सरयू किनारे रामकथा पार्क में बुधवार दोपहर पुष्पक विमान स्वरूप हेलीकॉप्टर से प्रभु राम, सीता व लक्ष्मण उतरेंगे। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत मंत्रीगण और संत-धर्माचार्य दीप सजाकर प्रभु की अगवानी करेंगे। इसके बाद वे गुरू वशिष्ठ की भूमिका में भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे। सीएम रामलला के दरबार भी जाएंगे इसके बाद सीएम, राज्यपाल सहित कई मंत्री मां सरयू की भव्य आरती भी उतारेंगे। यहां लेजर शो, दीपों की माला के साथ रंग-बिरंगी अयोध्या स्वर्ग की भांति दिखेगी। राम की पैड़ी के 32 घाटों पर कीर्तिमान बनाने को नौ लाख दीप जलाकर साढ़े सात लाख दीप एक साथ 40 मिनट में जलाने और पांच मिनट तक जलते रहने का नया विश्व कीर्तिमान बनाने का लक्ष्य अवध के 12 हजार युवा साधेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *