नामांकन की अंतिम तारीख से पहले भाजपा करेगी प्रत्याशियों का एलान

हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश में उपचुनावों में उतरने वाले प्रत्याशियों को लेकर भाजपा नवरात्रों में अपने पत्ते खोलेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा नामांकन की आखिरी तारीख से एक दिन पहले सात अक्टूबर को प्रत्याशियों का एलान करेगी। कहा कि चुनाव मैदान में सशक्त प्रत्याशी उतारे जाएंगे। बुधवार को सीएम शिमला से करसोग होते हुए सराज पहुंचे और मां शिकारी देवी का आशीर्वाद लिया। वह 30 सितंबर और एक अक्टूबर को सराज में भाजपा की बैठकों में हिस्सा लेंगे। सराज स्थित अपने पैतृक गांव तांदी जाते वक्त सीएम ने करसोग में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा उपचुनावों में प्रत्याशियों के नाम के पत्ते सात अक्तूबर को खोलेगी। सीएम गुरुवार और शुक्रवार को सराज क्षेत्र में बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने कहा कि माता शिकारी देवी के दर्शन करने के बाद वह चुनाव प्रक्रिया में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि शिकारी देवी एक अहम धार्मिक पर्यटन स्थल है। उम्मीदवारों की घोषणा के सवाल पर सीएम बोले- सात अक्टूबर को उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सीएम बनने के बाद पहली बार माता शिकारी देवी के दर्शन के लिए जाएंगे। इस कार्यक्रम के लिए उपायुक्त मंडी पहले ही मंदिर कमेटी के साथ मिलकर तैयारी कर चुके हैं। मंडी लोकसभा के अलावा जुब्बल कोटखाई, फतेहपुर और अर्की विधानसभा उपचुनाव की घोषणा होने के साथ ही प्रदेश भाजपा हरकत में आ गई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को जहां मंडी में प्रचार के लिए पहुंच गए, वहीं शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने जुब्बल कोटखाई में मोर्चा संभाल लिया। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश प्रभारी और अन्य मंत्री भी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। मुख्यमंत्री ने करसोग में पत्रकार वार्ता में कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को भी एकजुट होकर प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने की बात कही। उधर, मंत्री सुरेश भारद्वाज ने जुब्बल-कोटखाई जाकर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली और उपचुनाव के लिए कमर कसने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *