चार करोड़ श्रमिकों ने ई-श्रम पोर्टल पर कराया रजिस्ट्रेशन…

नई दिल्ली। ई-श्रम पोर्टल पर श्रमिकों का पंजीकरण चार करोड़ को पार कर गया है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने यह जानकारी दी। यह पोर्टल शुरू हुए दो महीने से भी कम का समय हुआ है। श्रम मंत्रालय ने बयान में कहा कि विभिन्न क्षेत्रों मसलन निर्माण, कपड़ा, विनिर्माण, मत्स्य पालन, सड़कों पर रेहड़ी लगाने वाले, घर का कामकाज करने वाले, कृषि और संबद्ध क्षेत्रों से जुड़े लोग इस पोर्टल पर पंजीकरण करा रहे हैं। इतना ही नहीं मंत्रालय ने बताया कि कई क्षेत्रों के प्रवासी मजदूरों ने भी पोर्टल पर पंजीकरण में उत्साह दिखाया है। ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के जरिए प्रवासियों सहित सभी असंगठित क्षेत्र के श्रमिक विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और रोजगार योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। आंकड़ों के अनुसार इस पोर्टल पर 4.09 करोड़ श्रमिकों ने अपना पंजीकरण कराया है। इनमें से 50.02 प्रतिशत महिलाएं और 49.98 प्रतिशत पुरुष कामगार हैं। बयान में कहा गया है कि यह उत्साहजनक है कि पोर्टल पर पुरुषों और महिलाओं ने समान संख्या में पंजीकरण कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *