देश कई राज्‍यों में भारी बारिश की संभावना

नई दिल्‍ली। देश के कई राज्यों में मानसून आने के साथ ही कुदरती कहर ,बादल फटने और भूस्खलन की खबरें आने लगी हैं। अगले 24 घंटे में गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, दक्षिणी राजस्थान, ओडिशा और मप्र में भारी बारिश तो दिल्ली, पश्चिमी यूपी, झारखंड आदि में हल्की वर्षा की संभावना है।

गुजरात व महाराष्ट्र के कई इलाकों में बाढ़ के खतरे के कारण हालात से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं। देश के विभिन्‍न राज्यों में कहीं भारी तो कहीं मध्यम बारिश का दौर जारी है।

आईएमडी ने कुछ राज्यों के लिए रेड तो कुछ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की आशंका है। वहीं, मैदानी इलाकों में बाढ़ व जलभराव से मुसीबत हो रही है।

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भारी बारिश के बाद बुधवार को बादल फट गया। इससे इलाके में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। हालांकि, अभी तक किसी जनहानि की खबर नहीं है। राज्य में तेज वर्षा का दौर दो तीन दिन चलेगा। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के भी कुछ इलाकों में वर्षा के बाद भूस्खलन की घटनाएं हुईं। कई रास्ते बंद किए गए हैं।

महाराष्ट्र के कई जिलों में रेड अलर्ट:-
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में 9 जुलाई तक भारी वर्षा की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, पालघर, पुणे, कोल्हापुर व सतारा जिलों में 8 जुलाई तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई व ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कई टीमों को तैनात किया गया है। कोल्हापुर में पंचगंगा नदी खतरे के निशान के करीब है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *