हिमाचल प्रदेश से दो से तीन दिन के भीतर विदा होगा मानसून

हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश से दो से तीन दिन के भीतर मानसून विदा होगा। 13 जून को मानसून ने प्रदेश में प्रवेश किया था। मानसून सीजन के दौरान अभी तक सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। आज पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोत्‍तरी दर्ज होने की संभावना है। प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम बदलने से सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। सोमवार की रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। नौ अक्‍टूबर तक मौसम साफ बना रहने की संभावना जताई गई है। मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35.3, बिलासपुर में 32.0, हमीरपुर में 31.2, सुंदरनगर में 31.0, कांगड़ा में 30.9, भुंतर में 30.8, चंबा में 30.2, सोलन में 29.2, नाहन में 27.8, धर्मशाला में 27.2, शिमला में 23.5, कल्पा में 21.2, केलांग में 19.1 और डलहौजी में 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, सोमवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान 3.9, कल्पा में 7.6, मनाली में 9.6, डलहौजी में 13.8 और शिमला में 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि मानसून विदा होने की संभावनाएं काफी अधिक बन गई है। दो से तीन दिनों के भीतर दक्षिण पश्चिम मानसून प्रदेश से विदा हो सकता है। उन्होंने बताया कि एक से पांच अक्‍टूबर तक प्रदेश में सामान्य से 91 फीसदी अधिक बारिश दर्ज हुई। चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू और मंडी जिला में सामान्य से अधिक बारिश हुई, शेष जिलों में सामान्य से कम बादल बरसे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *