मीठा खाने का हो मन तो बनाएं पौष्टिकता से भरपूर सेब की खीर…

रेसि‍पी। स्वाद और पौष्टिकता से भरपूर सेब की खीर काफी पसंद की जाती है। व्रत के दौरान सेब की खीर को काफी बनाया जाता है। मीठा पसंद करने वाले सेब की खीर को किसी भी वक्त खाना पसंद करते हैं। सेब की खीर पोषक तत्वों से भरपूर होती है। ये न सिर्फ आपको स्वाद से लबरेज कर देगी बल्कि शरीर के लिए भी बेहद फायदेमंद रहेगी। चलिए जानते हैं सेब की खीर बनाने की आसान रेसिपी-

सेब की खीर बनाने के लिए सामग्री:-
सेबफल – 2
दूध – 1 लीटर
काजू – 1 टेबलस्पून
पिस्ता – 1 टेबलस्पून
किशमिश – 1 टेबलस्पून
हरी इलायची – 3-4
बेकिंग सोडा – आधा चुटकी
चीनी – 1 कप (स्वादानुसार)


सेब की खीर बनाने की विधि:-
सेब की खीर बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में दूध डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करने के लिए रख दें। दूध में उबाल आने तक उसे चलाते रहें। दूध को तब तक उबालना है जब तक कि वह आधा न रह जाए। दूध को चलाते रहने से वह कड़ाही के तले में नहीं चिपकेगा। जब तक दूध गर्म हो रहा है उस दौरान काजू और पिस्ता के बारीक टुकड़े काट लें। इसके बाद किशमिश के डंठल तोड़कर अलग कर दें और इलायची को कूट लें।

अब सेबफल को लेकर उन्हें अच्छे से धोएं और फिर उनका छिलका उतारकर एक बाउल में कद्दूकस कर लें। दूध में जब उबाल आने लगे तो उसमें आधा चुटकी बेकिंग सोडा डाल दें। इसके बाद दूध में कद्दूकस सेब डालकर करछी से अच्छी तरह से मिला लें। अब इसे 2 मिनट तक और पकने दें। जब सेब पक जाए और खीर गाढ़ी होने लगे तो उसमें कटे हुए काजू और पिस्ता डाल दें।

काजू, किशमिश और पिस्ता को मिक्स करने के बाद खीर में स्वादानुसार चीनी डालकर अच्छे से मिक्स कर दें। अब खीर को चलाते हुए 2-3 मिनट तक पकने दें। इसके बाद खीर में कुटी इलायची डालकर मिलाएं और गैस बंद कर दें। आपकी स्वादिष्ट सेब की खीर बनकर तैयार हो चुकी है। अब सेब की खीर को सर्विंग बाउल में डालें और ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालकर सेब की खीर को सर्व करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *