बर्फ के घर में रहने का लेना है मजा तो ये जगह है बेस्ट…

यात्रा।  सर्दियां शुरू होते ही देश की कई जगहों पर बर्फबारी शुरू हो गई हैं। बर्फीली जगहों पर घूमने का शौक रखने वाले साल भर इस समय का इंतजार करते हैं। कश्मीर से लेकर उत्तराखंड और हिमाचल के हिल स्टेशन पर जाते हैं और बर्फबारी का लुत्फ उठाते हैं। आपने इग्लू के बारे में तो सुना ही होगा। इग्लू बर्फ से बना घर होता है। बर्फ की दीवार चारों ओर से उठी होती हैं, बर्फ की छत आसमान को छुपा देती है। इस तरह के बर्फ के घर पर रहना अपने आप में रोमांचक होता है। बर्फ के घर में रहने का मजा लेने के लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं, भारत में ही पर्यटक इग्लू का लुत्फ उठा सकते हैं।

मनाली में बर्फ का घर:-
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मनाली में देश का पहला बर्फ का घर बनाया गया है। मनाली के इग्लू मे रहने के लिए पर्यटक दूर-दूर से आते हैं। मनाली में बर्फबारी के दौरान सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिलती है। यहां पर्यटक बर्फ के साथ खेलने का लुत्फ उठाते हैं। ऐसे में अगर आप मनाली जाने का सोच रहे हैं तो एक रात इग्लू में भी बिता सकते हैं।

इग्लू में रहने की फीस:-
बर्फ के घर में रहने के लिए पर्यटकों को पहले से बुकिंग करानी पड़ती है। एक इग्लू में दो लोग रह सकते हैं। बर्फ के घर का एक रात का किराया 5500 रुपये है। मनाली में स्थित इग्लू के अंदर खूबसूरत लाइट्स लगी हैं और बिस्तर की व्यवस्था की गई है।

इग्लू कैफे:-
मनाली के इग्लू के अलावा जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में इग्लू कैफे बना है। गुलमर्ग का इग्लू कैफे दुनिया का सबसे बड़ा और अनोखा कैफे है। बड़े तादाद में सैलानी इग्लू कैफे में बैठकर व्यंजन का लुत्फ उठाने के लिए जाते हैं। इस कैफे में करीब 40 लोग खाना खा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *