जम्मू में जवानों के साथ पीएम मोदी ने मनाई दीपावली

जम्‍मू-कश्‍मीर। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी गुरुवार को जम्मू संभाग के नौशेरा पहुंचे। यहां उन्होंने जवानों के साथ दीपावली मनाई। भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ उन्होंने जवानों का उत्साह बढ़ाया। अपने संबोधन में उन्होंने जवानों को अपना परिवार बताया। पीएम ने कहा कि लोग दिवाली पर्व अपने परिवार के साथ मनाते हैं। जवान ही मेरा परिवार हैं, इसलिए मैं अपने परिवार के साथ दिवाली मनाने आया हूं। आपके सामर्थ्य से देश में शांति और सुरक्षा है। आपके पराक्रम की वजह से हमारे पर्वों में चार चांद लग जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यहां (नौशेरा) की मिट्टी का स्पर्श करते एक अलग ही भाव मेरे मन में आया। यहां का इतिहास भारत की शौर्यगाथा बताता है। यहां का वर्तमान वीरता का सबूत है। नौशेरा ने हर युद्ध का, हर षड्यंत्र का माकूल जवाब दिया है। आजादी के बाद दुश्मनों ने इस पर कब्जा जमाने की कोशिश की। मुझे खुशी है कि नौशेरा के जांबाजों के शौर्य के चलते सभी साजिशें धरी की धरी रह गईं। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय सेना की ताकत दुश्मन को पता है। मैं देश की रक्षा करने वाले जवानों को प्रणाम करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *