Karnataka Election: पीएम मोदी बोले- रिवर्स गियर कांग्रेस दुनिया में घूम-घूमकर देश को कर रही है बदनाम

बेंगलुरु।

बेंगलुरु। कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को दोबारा सत्ता लाने के लिए प्रचार अभियान में जुटे पीएम नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर से विपक्षी कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। कर्नाटक के मुडबिद्री में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर देश विरोधी शक्तियों से साठगांठ का आरोप लगाया।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ‘देशद्रोहियों’ के साथ साठगांठ करती है और चुनाव के लिए भारत विरोधी ताकतों से मदद लेती है। वे ‘देशद्रोहियों’ पर मुकदमे वापस लेते हैं और वे आतंकी समर्थकों के ढाल बनते हैं। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस कर्नाटक में शांति की दुश्मन है… विकास की दुश्मन है। कांग्रेस आतंक के आकाओं को बचाती है… तुष्टीकरण को बढ़ती है।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जनता-जर्नादन का आदेश मेरे सर आंखों पर. आखिरकार इस देश के 140 करोड़ लोग ही हमारा रिमोट कंट्रोल हैं। 10 मई को मतदान का दिन है। बीजेपी का संकल्प है कर्नाटक को नंबर-1 बनाना। बीजेपी का संकल्प है कर्नाटक में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण करना। बीजेपी का संकल्प है कर्नाटक को मैन्युफेक्चरिंग में सुपर पावर बनाना। ये हमारा रोड मैप है जबकि कांग्रेस आपका वोट इसलिए चाहती है क्योंकि वो बीजेपी की योजनाओं को, यहां के लोगों के विकास के लिए हुए कामों को पलटना चाहती है।

उन्‍होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि कर्नाटक औद्योगिक विकास में नंबर-1 बने, हमारी कोशिश है कि कर्नाटक कृषि विकास में नंबर-1 बने, हमारा लक्ष्य है कि कर्नाटक स्वास्थ्य और शिक्षा में नंबर-1 बने. कांग्रेस क्या चाहती है? कांग्रेस कर्नाटक को… दिल्ली में जो उनका ‘शाही परिवार’ बैठा है, उस परिवार का नंबर-1 ATM बनाना चाहती है।

पीएम मोदी ने इसके साथ ही पहली बार वोट देने वाले युवाओं से खास अपील करते हुए कहा कि जो जीवन में पहली बार वोट देने जा रहे हैं वो कर्नाटक का भविष्य तय करने जा रहे हैं। पहली बार वोट देने जाने वाले मेरे बेटे-बेटियों आपको अगर अपना करियर बनाना है, अपने मन का काम करना है तो यह कांग्रेस के रहते संभव नहीं होगा। कर्नाटक में अगर अस्थिरता रही तो आपका भाग्य भी अस्थिर रहेगा।

पीएम मोदी ने इसके साथ ही कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि देश में जहां भी लोग शान्ति और प्रगति चाहते हैं वो सबसे पहले अपने राज्य से कांग्रेस को बाहर कर देते हैं। अगर समाज में शान्ति है तो कांग्रेस शांत नहीं बैठ पाती, अगर देश प्रगति करता है तो कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं कर पाती। कांग्रेस की पूरी राजनीति बांटो और राज करो पर आधारित है। कर्नाटक के लोगों ने खुद कांग्रेस का ये खौफनाक चेहरा देखा है।

उन्‍होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरा देश हमारे सैनिकों का आदर करता है, उनका सम्मान करता है जबकि कांग्रेस हमारी सेना का अपमान करती है, हमारे सैनिकों का अपमान करती है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत में डेमोक्रेसी और डेवलपमेंट को देखकर उसे सम्मान दे रही है लेकिन रिवर्स गियर कांग्रेस दुनिया भर में घूम-घूमकर देश को बदनाम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *