कश्मीर के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी…

जम्मू-कश्मीर। कश्मीर के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार को बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। विश्व विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सैलानियों ने पहले हिमपात का मजा लिया। राजधानी श्रीनगर सहित अन्य मैदानी इलाकों में बारिश से तापमान में गिरावट आई है। घाटी बर्फीली हवाओं और शीतलहर की चपेट में है। बर्फबारी के चलते मुगल रोड, बांदीपोरा-गुरेज सड़क मार्ग के अलावा श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर एहतियात के तौर पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। हाईवे पर बर्फबारी से फिसलन बढ़ी है। संभागीय प्रशासन ने अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी नियंत्रण कक्ष को सक्रिय बना दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में मौसम लगभग साफ रहेगा। गुलमर्ग में सीजन की पहली बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिले। उम्मीद की जा रही है कि आगामी सर्दियों के सीजन में यहां भरपूर बर्फबारी होगी। मौसम में आए बदलाव के बीच कुपवाड़ा, मच्छर, टंगधार, गुरेज, सोनमर्ग, जोजीला पास, पीर पंजाल के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। बर्फीली हवाओं से सर्दी बढ़ी है। लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान 2.2, गुलमर्ग में 1.0, श्रीनगर में 5.6 और कारगिल में 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में दिनभर मौसम साफ रहा। यहां दिन का तापमान 27.2 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग के बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान 3.6, बटोत में 5.8, कटड़ा में 11.5 और भद्रवाह में 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *