इन तरीकों से घर पर आसानी से बनाएं हर्बल कलर

काम की खबर। होली का त्‍योहार रंगों के बिना अधूरा लगता है। होली के दिन ज्यादातर लोग सिंथेटिक रंगों का उपयोग करते हैं, जिन्हें लगाने से त्वचा और बालों पर कई साइड इफेक्ट देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में अगर आप केमिकल वाले रंगों से होली नहीं खेलना चाहते हैं तो कुछ नेचुरल चीजों का इस्तेमाल करके घर पर हर्बल कलर तैयार कर सकते हैं। हर्बल कलर लगाने से त्वचा और बालों पर कोई नुकसान नहीं होता है। बाजार में महंगे हर्बल रंग मिलते हैं।  इसलिए आप घर पर कुछ आसान टिप्‍स की मदद से हर्बल कलर बना सकते हैं। आइए जानते हैं इन टिप्‍स के बारे में-

हर्बल लाल और जामुनी कलर:-

नेचुरल तरीके से लाल रंग बनाने के लिए चुकंदर को काट कर सुखाने के बाद पीस लें। अब इसमें अरारोट पाउडर, मैदा या चावल का आटा मिलाकर लाल रंग बना लें। इसके अलावा गुलाब की पंखुड़ियों से लाल रंग बनाने के लिए रोज पेट्ल्स को सुखाकर पीस लें। अब इसमें चंदन पाउडर और चावल का आटा मिलाकर लाल रंग तैयार करें। हर्बल बैंगनी रंग तैयार करने के लिए चकुंदर को पीसकर छान लें। अब इसे पानी में डालकर छोड़ दें। कुछ देर बाद इसका कलर बैंगनी हो जाएगा। जिसे आप होली खेलने के लिए इस्तेमाल कर सकेंगे।

हर्बल ग्रीन कलर:-

हरा रंग बनाने के लिए पालक या मेथी के पत्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए पालक या मेथी को उबालकर पीस लें। इससे गीला रंग तैयार हो जाएगा। वहीं सूखा हरा रंग बनाने के लिए पालक या मेथी को सुखाकर पीस लें। अब इस पाउडर में अरारोट या चावल का आटा मिला लें। वहीं गेंहू के ज्वार से भी आप हरा रंग बना सकते हैं।

केसरिया रंग:-

होली पर केसरिया रंग बनाने के लिए पलाश या टेशू के फूलों को सुखाकर पीस लें। अब इसमें अरारोट या चिकना आटा मिलाकर केसरिया रंग बना लें। इसके अलावा केसर को पीसकर पानी में मिलाने से भी केसरिया रंग तैयार किया जा सकता है।

पीला रंग करें तैयार:-

हल्दी की मदद से आप हर्बल येलो कलर तैयार कर सकते हैं। इसके लिए हल्दी में बेसन या चंदन पाउडर मिलाकर पीला कलर बना लें। वहीं गेंदे के फूलों को उबालकर पीसने से भी पीला और नारंगी रंग तैयार हो जाता है।

नीला कलर बनाएं:-

नीला हर्बल रंग बनाने के लिए जकरांदा के फूलों को सुखाकर पीस लें। इसके अलावा जकरांदा के फूलों को उबालकर पेस्ट बनाने से भी आप गीला कलर तैयार कर सकते हैं।

ब्लैक हर्बल कलर:-

ब्लैक हर्बल कलर बनाने के लिए आप काले अंगूर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए अंगूर के जूस को पानी में मिक्स करके ब्लैक कलर बना लें। वहीं इस मिक्सचर में हल्दी पाउडर या बेकिंग सोडा मिलाकर आप कत्थई रंग भी तैयार कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *