समय से पहले देशभर में पहुंचा मानसून…

नई दिल्‍ली। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि, देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून छा गया है। आज मानसून उत्तरी अरब सागर के बचे हिस्से, गुजरात व राजस्थान के बाकी इलाकों में भी पहुंच गया। देशभर में मानसून पहुंचने की सामान्य तिथि 8 जुलाई है, लेकिन यह इस बार छह दिन पहले ही समूचे भारत में पहुंच चुका है।

मानसून के प्रभाव से देश के तमाम राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। बीते 24 घंटे में यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। वहीं, मप्र में राजधानी भोपाल समेत कुछ शहरों में तेज तो कुछ में हल्की वर्षा हुई। देशभर में मौसम बदल गया है। पारा नीचे आ गया है, बारिश के कारण उमस बढ़ने से चिपचिपाहट बढ़ गई है।

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, बीते 24 घंटों में गुजरात, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई। विदर्भ के कुछ हिस्सों, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, सौराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, आंतरिक ओडिशा और छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

जून में 8 फीसदी कम वर्षा:-

मौसम विभाग ने जानकारी दी कि, मानसून का पहला महीना जून निकल चुका है और इस दौरान देश में सामान्य से 8 फीसदी कम बारिश हुई है। विभाग के अनुसार 8 फीसदी की कमी बहुत ज्यादा नहीं है। इतनी कमी को सामान्य ही माना जाता है। देश के चार मौसम अनुभागों यानी उत्तर पश्चिम भारत, मध्य भारत और दक्षिण भारत और प्रायद्वीपीय भारत में जून में औसत से कम बारिश दर्ज की गई है। सिर्फ पूर्वी और उत्तर पूर्वी भारत में हुई भारी बारिश से औसत वर्षा का आंकड़ा थोड़ा संतुलित नजर आ रहा है। 10 फीसदी तक कम या ज्यादा वर्षा का मौसम विभाग सामान्य मानता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *