Aaj ka mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली, UP, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। इसी बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 07 सितंबर 2026 सोमवार के लिए मौसमी अलर्ट जारी किया है। IMD के ताजा अपडेट के अनुसार, आज देश के लगभग 15 राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के कारण लैंडस्लाइड और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। वहीं मैदानी इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है।
किन राज्यों में बारिश का दौर रहेगा जारी?
मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय, ओडिशा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश का ये सिलसिला 07 सितंबर से 11-12 सितंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान 50-70KMPH की रफ्तार से तेज हवाएं चलेगी। जबकि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की भी चेतावनी दी गई है।
दिल्ली में बारिश के साथ चलेगी तेज हवा
दिल्ली के कई इलाकों में 7 सितंबर को मौसम सुहाना होने के साथ-साथ परेशानी भी बढ़ा सकता है। इस दौरान मध्यम बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
यूपी-बिहार में भी अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम का असर दो दिनों तक देखने को मिलेगा। पश्चिमी यूपी में 7 सितंबर, जबकि पूर्वी यूपी में 7 और 8 सितंबर को कई इलाकों में बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का भी खतरा है।
बिहार में तेज बारिश का अलर्ट
IMD के ताजा अपडेट की मानें तो बिहार में आज 07 सितंबर को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि भारी बारिश भी संभव है। भारी बारिश की वजह से गंगा नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा है, जिस वजह से निचले इलकों में जलभराव हो गया है।
पहाड़ों पर बारिश बढ़ाएगी मुश्किलें
उत्तराखंड में 7 सितंबर के अलावा 10 से 12 सितंबर के बीच भी कई इलाकों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। भारी बारिश की स्थिति में पहाड़ी सड़कों पर लैंडस्लाइड और यातायात बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है। हिमाचल प्रदेश में भी 7 सितंबर को बारिश होने का अनुमान है।
इसे भी पढ़ें:-कल रखा जाएगा सितंबर माह का पहला प्रदोष व्रत, जाने शुभ मुहूर्त