Commonwealth Games 2026: स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में आयोजित हो रहे 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में झंडू कुमार ने ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने में सफलता हासिल की. झंडू कुमार की इस उपलब्धि पर जहां पूरे देश से उनको बधाई मिल रही है तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी झंडू कुमार को मेडल जीतने की बधाई दी है.
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए झंडू कुमार की उपलब्धि की सराहना की. उन्होंने लिखा, ‘कॉमनवेल्थ गेम्स में पैरा पावरलिफ्टिंग में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतने पर झंडू कुमार को बधाई. उनकी उपलब्धि अपार शक्ति, अटूट संकल्प और वर्षों की अनुशासित मेहनत का सशक्त प्रतीक है. हर चुनौती को पार कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने पूरे देश को गौरवान्वित किया है और अनगिनत भारतीयों को प्रेरित किया है.’
पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में झंडू कुमार ने 190 किलोग्राम का अपना सर्वश्रेष्ठ सफल भार उठाकर 130.9 अंक हासिल किए और कांस्य पदक अपने नाम किया. उन्होंने पहले प्रयास में 181 किलोग्राम वजन उठाकर 124.7 अंक हासिल किए. दूसरे प्रयास में 190 किलोग्राम सफलतापूर्वक उठाकर वह कुछ समय के लिए शीर्ष पर पहुंच गए. तीसरे और अंतिम प्रयास में उन्होंने 196 किलोग्राम वजन उठाने की कोशिश की. यदि वह सफल हो जाते तो बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों का मीट रिकॉर्ड भी टूट जाता.
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद झंडू कुमार ने कहा कि यह मेरा पहला मेडल है और मेरे दिमाग में एक ही बात घूम रही थी कि मेडल जीतना है, बस जीतना है. ऐसा लग रहा है कि जैसे मैं हवा में उड़ रहा हूं. मैं उन सभी कोच का बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे इतना अभ्यास करने का मौका दिया और इतना प्यार दिया. मैं भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा.
इसे भी पढ़ें:-दिल्ली समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, असम और गुजरात में बाढ़ का कहर जारी