Delhi: दिल्ली के करोल बाग इलाके में झंडेवालान मंदिर के पास मंगलवार (24 मार्च) देर रात एक ‘स्लीपर बस’ पलटने से दो यात्रियों की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में कम से कम 23 लोग घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. राहत की बात यह रही कि दिल्ली पुलिस और स्थानीय लोगों की तुरंत कार्रवाई से कई यात्रियों की जान बचा ली गई.
जयपुर से दिल्ली आ रही थी बस
पुलिस के मुताबिक, RJ-14PE-5065 नंबर की यह स्लीपर टूरिस्ट बस राजस्थान के जयपुर से दिल्ली के फतेहपुरी और सदर बाजार की ओर आ रही थी. बस में घटना के समय करीब 25-30 यात्री सवार थे. झंडेवालान मंदिर के पास पहुंचते ही बस अचानक असंतुलित होकर पलट गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.
तेज रफ्तार में थी बस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा रात करीब एक से 1:30 के बीच हुआ. बस काफी तेज रफ्तार में थी. लोगों का कहना है कि स्पीड 80 से 100 के बीच रही होगी. बस ने संतुलन खोने के बाद एक-दो बार पलटी खाई. आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला. एक चश्मदीद ने बताया कि बस पलटने के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई. अंदर कई लोग फंसे हुए थे, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे.
हिरासत में बस ड्राइवर
बस के चालक पंकज कुमार (26 वर्ष), निवासी अलवर (राजस्थान), को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. हादसे में वह भी घायल हुआ है और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद आ जाने के कारण बस अनियंत्रित हो गई, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें:-कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रिमंडल की पहली बैठक आज, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर होंगे निर्णय