New Delhi: कारगिल विजय दिवस के मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमारा देश भारत की सुरक्षा के लिए बहादुर सैनिकों के असाधारण साहस और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करता है। बेहद मुश्किल हालात में भी उनका अदम्य साहस हमेशा राष्ट्रीय गौरव का स्रोत बना रहेगा। उनकी अटूट देशभक्ति और कर्तव्य-निष्ठा पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
कारगिल विजय दिवस पर बोले गृह मंत्री
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और अद्भुत पराक्रम का प्रतीक है। वर्ष 1999 में हिमालय की दुर्गम बर्फीली चोटियों पर विषम परिस्थितियों और शत्रु के ऊंचाई पर स्थित मोर्चों के बावजूद, हमारे वीर जवानों ने ‘ऑपरेशन विजय’ के माध्यम से दुश्मन को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। ‘कारगिल विजय दिवस’ पर उन सभी वीर सपूतों का स्मरण कर नमन करता हूं, जिन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान देकर देश की अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी वीर सैनिकों को शत-शत नमन किया। वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम चोटियों पर असाधारण पराक्रम का परिचय देने वाले सभी वीर सैनिकों के प्रति देशवासी सदैव कृतज्ञ एवं ऋणी रहेंगे। भारतीय सेना का अदम्य साहस, त्याग और अटूट संकल्प आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि के लिए सर्वस्व समर्पित करने की प्रेरणा देता रहेगा।
कारगिल युद्ध भारत के लिए सिर्फ़ सैन्य और कूटनीतिक जीत नहीं: राजनाथ सिहं
द्रास के कारगिल वॉर मेमोरियल में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कारगिल युद्ध भारत के लिए सिर्फ़ सैन्य और कूटनीतिक जीत नहीं थी। यह वह पल था जब पूरी दुनिया ने भारतीय सैनिकों के अटूट साहस और वीरता को देखा। कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सैनिकों की वीरता ने ऐसा इतिहास रचा जो हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि हमारे बहादुर सैनिकों ने हमेशा असाधारण वीरता और साहस दिखाया है। हमने हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की पहली वर्षगांठ मनाई। इस ऑपरेशन के दौरान, हमारे बहादुर सैनिकों और अधिकारियों ने आतंकवादियों और उनके आकाओं को ऐसा करारा जवाब दिया जिसे वह कभी नहीं भूल पाएंगे। भारत में पाकिस्तान की हर नापाक हरकत का जवाब उससे कहीं ज़्यादा कड़े तरीके से देने की क्षमता है, जितना वे सोच भी नहीं सकते। मैं इस मंच से एक स्पष्ट संदेश देना चाहता हूं कि भारत की संप्रभुता को खतरे में डालने वाली हर नापाक हरकत का यही अंजाम होगा।