New Delhi: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने रहा है। भारत मौसम विभाग यानी कि IMD ने 26 सितंबर को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बता दें कि भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बन सकती है। वहीं पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।
यूपी समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिणी आंतरिक ओडिशा के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 12 घंटे तक इसके डिप्रेशन की ताकत बनाए रखने की संभावना है। इसके बाद इसके कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने का अनुमान है। IMD ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हरियाणा और दिल्ली में हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में घर से निकलने से पहले मौसम का अपडेट जरूर देख लें।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
बता दें कि राजधानी दिल्ली में 26 सितंबर को बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ बिजली गिरने का भी खतरा है। IMD के मुताबिक, दिल्ली में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 27 सितंबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। वहीं 28 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में दिल्ली वालों को आज छाता और रेनकोट साथ लेकर निकलना बेहतर रहेगा।
बिहार और उत्तराखंड में भी बारिश की चेतावनी
बिहार में 26 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। IMD के मुताबिक, बिहार में 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तराखंड के देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल समेत कई जिलों में 26 सितंबर को भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में बारिश का यह दौर 28 सितंबर तक जारी रह सकता है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना रह सकता है। ऐसे में पहाड़ी रास्तों पर सफर करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।