New Delhi: देशभर में आज विजयादशमी का पावन पर्व मनाया जा रहा है, इसको लेकर लोगों में उत्साह है, इस मौके पर जगह-जगह मेला का आयोजन किया जाएगा, मेले में रावण के पुतले के दहन को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ेगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने देशवासियों को दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं, इसके साथ ही इस मौके पर कामना की गई कि उल्लास और विश्वास का यह पर्व हर व्यक्ति के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे।
राष्ट्रपति ने देशवासियों को दी बधाई
राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा कि विजयादशमी के शुभ अवसर पर, देश-विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को मैं हार्दिक बधाई देती हूं, उन्होंने आगे लिखा कि प्रभु श्रीराम की रावण पर विजय के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले इस पर्व का विशेष महत्व है, प्रभु श्रीराम को धर्म और नैतिक आचरण का साक्षात स्वरूप माना गया है, यह त्योहार अधर्म और अन्याय पर धर्म और न्याय की विजय का उत्सव है।
भारतीय संस्कृति, नैतिकता और कर्तव्य के आदर्शों पर आधारित है, प्रभु श्रीराम की विजय के इस त्योहार के दिन, सभी देशवासी यह संकल्प लें कि अपनी विरासत के उच्च आदर्शों पर चलते हुए विकसित भारत एवं समावेशी समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे, इसके साथ ही उन्होंने इस अवसर पर देशवासियों के सुख, आरोग्य और कल्याण की मंगलकामना की।
पीएम मोदी ने विजयादशमी की दी बधाई
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि आप सभी को विजयादशमी की अनंत शुभकामनाएं, उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व हर किसी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे, सभी का जीवन सुख-सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो, यही कामना है।