New Delhi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में पद्म अवॉर्ड के दूसरे फेज में 65 हस्तियों को सम्मानित किया. कार्यक्रम में 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 56 पद्मश्री दिए गए. कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे.
राष्ट्रपति द्रोपर्दी मुर्मु ने बॉलीवुड की प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक को पद्म भूषण से सम्मानित किया. इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस केटी थॉमस को जनसेवा, सीनियर मलयालम जर्नलिस्ट पी नारायणन को साहित्य के लिए पद्म विभूषण दिया गया. झारखंड के पहले मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण दिया गया. अवॉर्ड लेने उनकी पत्नी रूपी सोरेन पहुंची.
सिंगर अलका याग्निक ने अवॉर्ड लेने से पहले पीएम नरेंद्र मोदी के पैर छुए. क्रिकेटर रोहित शर्मा, एक्टर आर माधवन को पद्मश्री से नवाजा गया. पुरस्कार पाने वालों में एक्टर ममूटी और पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज भी शामिल रहे.
सिंगर अलका याग्निक ने इस सम्मान को बहुत विनम्र करने वाला बताया और कहा कि भले ही उनका नाम अवॉर्ड पर हो, लेकिन यह हर उस सुनने वाले का है, जिसने उनकी आवाज को अपनी जिंदगी में अपनाया, उनके गानों को पीढ़ियों तक पहुंचाया, सुख और मुश्किल वक्त दोनों में उनके साथ खड़े रहे. उन्होंने कहा कि यह पल खास तौर पर मायने रखता है, क्योंकि यह न सिर्फ उनके काम की पहचान दिखाता है, बल्कि प्यार, उम्मीद और हिम्मत से मिलने वाली ताकत की याद भी दिलाता है.
अलका याग्निक ने इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्रालय और भारत सरकार का दिल से शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा ‘इतने सालों तक आपके स्नेह, दया, दुआओं और मुझ पर भरोसे के लिए आपका धन्यवाद. मैं इन सभी को अपने साथ संजोकर रखती हूँ. आज मैंने सिर्फ़ एक अवॉर्ड ही नहीं लिया, बल्कि उन लाखों लोगों का प्यार भी महसूस किया जो मेरी इस यात्रा का हिस्सा रहे हैं.’
इसे भी पढ़ें:-बटुक भैरव जयंती, आज शिवलिंग पर करें ये उपाय, सफलता चूमेगी कदम