Soldierathon Delhi 2026: देश की राजधानी दिल्ली आज एक अलग ही रंग में रंगी नजर आई. मौका था ‘पीएनबी सोल्जरथॉन’ (PNB Soldierathon) का, जिसे ‘रन विद सोल्जर्स, रन फॉर सोल्जर्स’ के नारे के साथ आयोजित किया गया. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई इस दौड़ में देशभक्ति, फिटनेस और सामाजिक जिम्मेदारी का एक अनोखा संगम देखने को मिला. इस मेगा इवेंट के केंद्र में रहे भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के CMD और एडिटर-इन-चीफ उपेन्द्र राय, जिन्होंने न केवल इस दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, बल्कि फ्लैग-ऑफ में भी अग्रणी भूमिका निभाई. उनकी मौजूदगी ने आयोजन में शामिल युवाओं और नागरिकों के बीच राष्ट्रीय भावना का संचार कर दिया.
फिटनेस का महाकुंभ में शामिल हाेंगे 26,000 से ज्यादा प्रतिभागी
उपेन्द्र राय के साथ इस गरिमामय आयोजन में वीके सिंह और अशोक चंद्रा जैसी दिग्गज हस्तियां भी शामिल हुईं, जिससे इस मैराथन का कद और भी बढ़ गया. सोल्जरथॉन केवल एक रेस नहीं है, बल्कि यह भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को सम्मान देने का एक जरिया है. इस बार के आयोजन में रजिस्ट्रेशन के आंकड़े चौंकाने वाले रहे. अब तक 26,000 से ज्यादा प्रतिभागी अपना पंजीकरण करा चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है. सबसे खूबसूरत बात यह रही कि आज दिल्ली की सड़कों पर कंधे से कंधा मिलाकर जवान और आम नागरिक एक साथ दौड़ते नजर आए.
आयोजकों ने इस विशाल भीड़ के लिए व्यापक इंतजाम किए थे. स्टेडियम से लेकर इंडिया गेट तक प्रतिभागियों के लिए लाखों पानी की बोतलों और मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी. भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क ने इस पूरे कार्यक्रम का स्टेडियम और इंडिया गेट से सीधा प्रसारण किया, ताकि जो लोग वहां नहीं पहुंच पाए, वे भी इस जोश का हिस्सा बन सकें.
पूरे देश में फैल चुकी शिल्पा भगत के नेतृत्व में यह मुहिम
इस शानदार पहल की शुरुआत रिटायर्ड मेजर सुरेंद्र पूनिया ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के मार्गदर्शन में की थी. बाद में इसे देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत का समर्थन मिला और अब वीके सिंह इसके मेंटर के रूप में मार्गदर्शन कर रहे हैं. शिल्पा भगत के नेतृत्व में यह मुहिम अब पूरे देश में फैल चुकी है. सिक्किम से लेकर रायपुर, पुणे, हैदराबाद, जयपुर और मुंबई तक सोल्जरथॉन का आयोजन किया जा रहा है. इस दौड़ से जुटाया गया फंड घायल सैनिकों के इलाज और उनके पुनर्वास के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
त्यागराज स्टेडियम में आयोजित ‘रेस एक्सपो’ में किट वितरण के साथ-साथ कई गतिविधियों का आयोजन हुआ. यहां एक ‘रनर्स वॉल’ भी बनाई गई, जिस पर सभी 26,741 प्रतिभागियों के नाम लिखे गए थे. इस दीवार पर बड़े अक्षरों में लिखा था, ‘रुकना मना है’, जो हर धावक को प्रेरित कर रहा था. इस आयोजन को सफल बनाने के लिए 1,500 से ज्यादा एनसीसी (NCC) कैडेट्स और सशस्त्र बलों के 900 से अधिक कर्मियों ने अपना सहयोग दिया. साथ ही, दिल्ली मेट्रो ने भी धावकों के लिए मुफ्त सफर की सुविधा देकर अपना योगदान दिया.
पीएम मोदी के ‘फिट इंडिया’ को नई दिशा
आज सुबह 5 बजे हाफ मैराथन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद 6 बजे 10 किमी और 7 बजे 5 किमी की दौड़ आयोजित की गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को आगे बढ़ाते हुए सोल्जरथॉन ने फिटनेस और राष्ट्रीय गौरव को एक नई पहचान दी है. सीएमडी उपेन्द्र राय ने इस दौड़ का नेतृत्व करते हुए संदेश दिया कि एक मजबूत राष्ट्र के लिए नागरिकों का फिट और एकजुट होना अनिवार्य है.