Weather Update Today: देश के अधिकतर राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. तेज बारिश की वजह से कई शहरों में बाढ़-भूस्खलन के हालात बने हुए हैं. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में पहाड़ों पर मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरस रही है. कई राज्यों में जगह-जगह भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाओं से नदियों के जलस्तर बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को दिल्ली-NCR, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 16 से ज्यादा राज्यों में भारी से मूसलाधार बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर इलाकों में आज भी मौसम सुहाना रहने के साथ उमस और नमी बनी रह सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहने की संभावना है. कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
यूपी और बिहार में बारिश को लेकर क्या है अपडेट
उत्तर प्रदेश और बिहार में आज मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिल सकता है. बिहार के कई जिलों में व्यापक बारिश होने की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश के साथ तेज मेघगर्जन और बिजली चमकने की भी आशंका है. ऐसे में खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
तमिलनाडु में 16 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट
मॉनसून की सक्रियता का असर केवल उत्तर भारत तक सीमित नहीं है. तमिलनाडु में भी मौसम विभाग ने 16 अगस्त तक आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश की आशंका जताई है. राज्य की राजधानी चेन्नई और आसपास के क्षेत्रों में शाम या रात के समय तेज बारिश के लिए मौसम अनुकूल बन सकता है. ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को बदलते मौसम पर नजर रखने की जरूरत है.
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश से हालात खराब
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में भी पानी भरने की स्थिति बनी हुई है.
हिमाचल प्रदेश: कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में रातभर हुई तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं. वहीं ऊना, शिमला, सोलन और चंबा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में भी बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर: उत्तराखंड के देहरादून और हरिद्वार में भारी बारिश के कारण कई जगह हालात मुश्किल बने हुए हैं. देहरादून में नदी किनारे बने दो मकान ढह गए. वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण अचानक जलस्तर बढ़ने और अन्य परेशानियां सामने आने का खतरा बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें:-पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर दिया संदेश, कहा- देश की सबसे बड़ी ताकत हैं युवा