डेढ़ साल बाद हिमाचल विवि और कॉलेज के विद्यार्थी खेल और सांस्कृतिक स्पर्धाओं में लेंगे हिस्सा

हिमाचल प्रदेश। डेढ़ साल बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय और कॉलेज के विद्यार्थी खेल और सांस्कृतिक स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। दिसंबर के पहले सप्ताह में इंटर कॉलेज खेल प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। एचपीयू की खेल एवं पाठ्येतर गतिविधि परिषद की इंटर कॉलेज प्रतियोगिताओं का कैलेंडर तय करने के लिए शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें विवि के कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार मुख्यातिथि के रूप में शरीक हुए। कुलपति ने खेलों और अन्य गतिविधियों के लिए हर तरह से सहयोग करने का भरोसा दिया। परिषद के अध्यक्ष डॉ. राजेश यादव ने अध्यक्षता की। परिषद के सदस्य सचिव व एचपीयू खेल एवं युवा कार्यक्रम निदेशक प्रो. पीएन बंसल ने इसका संचालन किया। इसमें पूरे प्रदेश के 140 कॉलेज प्राचार्य और शारीरिक शिक्षकों ने भाग लिया। बैठक में खेल व अन्य गतिविधियों कैलेंडर को अंतिम रूप दिया गया। इसके मुताबिक दिसंबर के पहले सप्ताह में ही इंटर कॉलेज प्रतियोगिताएं शुरू हो जाएंगी। इसमें करीब 42 खेल स्पर्धाओं के वेन्यू और तिथियां तय कर दी गई हैं, जबकि सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों की चार ग्रुप में होने वाली स्पर्धाओं के वेन्यू तय किए जाने हैं। वीसी से नए सत्र के लिए इन गतिविधियों के आयोेजन के लिए बजट को 70 लाख से एक करोड़ किए जाने की मांग उठाई, जिस पर कुलपति ने हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिया। आम सभा में सत्र 2021-22 के लिए बजट में ग्यारह लाख की वृद्धि कर इसे 70 लाख करने का निर्णय हुआ। पूर्व में सत्र 2019-20 में यह बजट 59 लाख था। सत्र 2020-21 में कोरोना के कारण किसी तरह की खेल व अन्य स्पर्धाएं नहीं हो सकी थीं। खेल एवं युवा कार्यक्रम निदेशक हिमाचल प्रदेश विवि प्रो. पीएन बंसल ने बताया कि खेल एवं अन्य गतिविधियों का विस्तृत कैलेंडर शनिवार को जारी कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *