पद्म विभूषण से सम्मानित इतिहासकार बाबासाहेब के निधन पर पीएम मोदी ने जताया शोक

महाराष्‍ट्र। भारत के जाने-माने इतिहासकार और लेखक बाबासाहेब पुरंदरे का सोमवार की सुबह पुणे के दीनानाथ मंगेशकर मेमोरियल अस्पताल में निधन हो गया। वे 99 वर्ष के थे। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक पुरंदरे को शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बाद में हालात गंभीर होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। इसके बाद से ही उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका। बताया गया था कि बाबा पुरंदरे अपने घर में बाथरूम में गिर गए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था। उनके निधन की खबरों के बाद देशभर में उनके चाहने वालों ने शोक व्यक्त किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बाबासाहेब के लिए राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की घोषणा की है। वहीं पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बाबासाहेब के निधन पर दुख जताया। बाबा पुरंदरे के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दर्द को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। बाबासाहेब का जाना इतिहास और संस्कृति की दुनिया में बड़ा शून्य छोड़ गया है। उनका धन्यवाद है कि आने वाली पीढ़ियां छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़ी रहेंगी। पीएम मोदी ने आगे कहा कि बाबासाहेब का काम प्रेरणा देने वाला था। मैं जब पुणे दौरे पर गया था तो उनका नाटक जनता राजा देखा, जो कि छत्रपति शिवाजी महाराज पर आधारित था। बाबासाहेब जब अहमदाबाद आते थे, तो भी मैं उनके कार्यक्रमों में हिस्सा लेने जाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *