पीएम मोदी ने योगासन कर दुनिया भर में दिया योग की ताकत का संदेश

नई दिल्‍ली। दुनिया भर में आज 8वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर पूरे देश में लोगों के बीच उत्साह देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति कोविंद से लेकर सेना के जवानों ने योगासन कर दुनिया में योग की ताकत का संदेश दिया। कोरोना महामारी के कारण वर्ष 2020 व 2021 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सार्वजनिक तौर पर नहीं मनाया गया था।

पीएम मोदी आज  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कर्नाटक के मैसूर पैलेस मैदान में सामूहिक योग कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने करीब 15 हजार लोगों के साथ योग किया।

इस मौके पर PM मोदी ने कहा- ‘आज योग मानव मात्र को निरोगी जीवन का विश्वास दे रहा है। हम आज सुबह से देख रहे हैं कि योग की तस्वीरें जो कुछ वर्ष पहले आध्यात्मिक केंद्रों पर दिखती थीं, वो आज विश्व के कोने-कोने में दिख रही हैं। ये साझी मानवता की तस्वीरें हैं। यह एक वैश्विक पर्व बन गया है। यह किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं संपूर्ण मानवता के लिए है। इसलिए इस बार की थीम है योगा फॉर ह्यूमैनिटी।’

उन्होंने कहा- ‘मैं योग को दुनिया में पहुंचाने के लिए यूनाइटेड नेशंस का धन्यवाद करता हूं। साथियों योग के लिए हमारे महर्षियों, ऋषियों और आचार्यों ने कहा है- योग हमारे लिए शांति लाता है। यह हमारे देश और विश्व के लिए शांति लाता है। यह पूरा विश्व हमारे शरीर में है। यह हर चीज को सजीव बनाता है। योग हमें सजग, प्रतिस्पर्धी बनाता है। यह लोगों और देशों को जोड़ता है। यह हम सभी के लिए समस्या का समाधान बन सकता है।’

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *