बल्लाेरी में गरजे पीएम मोदी, बोले- आतंकवाद पर कार्रवाई से, कांग्रेस के पेट में होने लगता है दर्द

कर्नाटक। कर्नाटक के बल्लारी के शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने म्युनिसिपल हाई स्कूल ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में पीएम मोदी ने ‘द केरला स्टोरी’ फिल्म का जिक्र करते हुए कहा कि यह मूवी आतंकी साजिश पर आधारित है। यह फिल्म आतंकवाद की बदसूरत सच्चाई को दिखाती है और आतंकवादियों के डिजाइन को उजागर करती है। कांग्रेस आतंकवाद पर बनी फिल्म का विरोध कर रही है और आतंकी प्रवृतियों के साथ खड़ी है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक के लिए आतंकवाद का बचाव करना शुरू कर दिया है। वोट बैंक के डर की वजह से आज कांग्रेस आतंकवाद के खिलाफ एक शब्द बोलने की भी हिम्मत खो चुकी है। वोट बैंक की इसी राजनीति की वजह से कांग्रेस ने आतंकवाद को पाला-पोषा और उसे पनाह दी। इतना ही नहीं, ऐसी आतंकी प्रवृत्ति वालों से कांग्रेस, पिछले दरवाजे से राजनीतिक सौदेबाजी तक कर रही है। कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक के लिए आतंकवाद का बचाव किया है।

उन्‍होंने कहा कि कर्नाटक को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, लॉ एंड ऑर्डर सबसे प्रमुख आवश्यकता है। कर्नाटक का आतंकवाद से मुक्त रहना भी उतना ही जरूरी है। भाजपा हमेशा से आतंकवाद के खिलाफ कठोर रही है। जब भी आतंकवाद पर कार्रवाई होती है कांग्रेस के पेट में दर्द होने लगता है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि मैं ये देख कर हैरान हूं कि अपनी वोट बैंक के खातिर कांग्रेस ने आतंकवाद के सामने घुटने टेक दिए हैं। ऐसी पार्टी क्या कभी भी कर्नाटक की रक्षा कर सकती है? आतंक के माहौल में यहां के उद्योग, IT इंडस्ट्री, खेती, किसानी और गौरवमयी संस्कृति सब कुछ तबाह हो जाएगी।

उन्‍होंने कहा कि कल यहां इतनी बारिश के बाद इतनी कठिनाइयां थीं, उसके बावजूद ये जनसैलाब भाजपा को आशीर्वाद देने आया है। ये दर्शाता है कि चुनाव के नतीजे क्या हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने देश की व्यवस्थाओं के साथ ही देश की राजनीति को भी भ्रष्ट करने का काम किया है। बीते कुछ वर्षों में कांग्रस ने भारत की राजनीति में एक और बीमारी पैदा कर दी है। चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस पैसों के दम पर अपने इको सिस्टम के दम पर झूठे नैरेटिव गढ़ती है। कांग्रेस की कोशिश होती है कि ऐसा करके वे जनता को भ्रमित कर दें।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में ढेर सारे झूठे वायदें हैं। कांग्रेस का घोषणा पत्र मतलब तालाबंदी और तुष्टिकरण का बंडल है। अब तो कांग्रेस की हालत इतनी बुरी है कि उनके पैर कांप रहे हैं और इसलिए कांग्रेस को मेरे जय बजरंग बली बोलने पर भी आपत्ति होने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *