पीएम मोदी ने G-20 के Logo,थीम और वेबसाइट का किया अनावरण

नई दिल्ली। 1 दिसंबर से भारत जी20 की अध्यक्षता करेगा। इससे पहले आज पीएम मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जी20 के नए लोगो-थीम और वेबसाइट का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि G-20 का ये Logo केवल एक प्रतीक चिन्ह नहीं है बल्कि ये एक संदेश है। ये एक भावना है, जो हमारी रगों में है। ये एक संकल्प है, जो हमारी सोच में शामिल रहा है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि एक दिसंबर से भारत G20 की अध्यक्षता करेगा। भारत के लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर है इसलिए आज इस समिट की वेबसाइट, थीम और लोगो को लांच किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर मैं सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

भारत के लिए यह बड़ा अवसर :-
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि G20 ऐसे देशों का समूह है, जिनका आर्थिक सामर्थ्य, विश्व की 85% GDP का प्रतिनिधित्व करता है। G20 उन 20 देशों का समूह है, जो विश्व के 75% व्यापार का प्रतिनिधित्व करता है और भारत अब इस G20 समूह का नेतृत्व करने जा रहा है। आप कल्पना कर सकते हैं कि आजादी के इस अमृतकाल में देश के सामने ये कितना बड़ा अवसर आया है। ये हर भारतवासी के लिए गर्व की बात है, गौरव बढ़ाने वाली बात है।

भारतवासियों के सुझाव वैश्विक आयोजन का चेहरा बन रहे:-  
पीएम मोदी ने कहा कि आज जो Logo का लांच हुआ है, उसके निर्माण में भी देशवासियों की बहुत बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि हमने लोगो के लिए देशवासियों से उनके बहुमूल्य सुझाव मांगे थे। आज वो सुझाव इतने बड़े वैश्विक आयोजन का चेहरा बन रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि इस लोगो और थीम के जरिए हमने दुनिया को एक संदेश दिया है। युद्ध के लिए बुद्ध ने जो संदेश दिया था और हिंसा के प्रतिरोध में महात्मा गांधी के जो समाधान हैं, G20 के जरिए भारत उनकी वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊर्जा दे रहा है।

हमारे पास लोकतंत्र के संस्कार हैं:-
पीएम मोदी ने कहा कि आज विश्व इलाज की जगह आरोग्य की तलाश कर रहा है। भारत के आयुर्वेद, योग को लेकर दुनियाभर में एक नया उत्साह और भरोसा है। उसके विस्तार के लिए हम एक वैश्विक व्यवस्था बना सकते हैं। भारत विश्व का इतना समृद्ध और सजीव लोकतंत्र है। इसके साथ ही हमारे पास लोकतंत्र के संस्कार भी हैं, और mother of democracy के रूप में गौरवशाली परंपरा भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *