राजनीतिक दुश्मनी को रिश्तेदारी में बदलेंगे शिवसेना व भाजपा नेता…

मुंबई। महाराष्ट्र में एक-दूसरे के लिए आग उगलने वाले दो दलों शिवसेना और भाजपा के नेता अपनी राजनीतिक दुश्मनी को रिश्तेदारी में बदलने जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक भाजपा नेता हर्षवर्धन पाटिल की बेटी अंकिता पाटिल अब ठाकरे परिवार की बहू बनने जा रही हैं। उनकी शादी शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के दिवंगत बेटे बिंदु माधव ठाकरे के बेटे निहार ठाकरे से होने जा रही है। निहार एडवोकेट के रूप में मुंबई में ही काम करते हैं तो अंकिता पाटिल पुणे जिला परिषद सदस्य हैं और इंडियन शुगर मिल्स एसोसएशन की निदेशक भी हैं। अंकिता पाटिल से शादी रचाने जा रहे निहार ठाकरे सीएम उद्धव ठाकरे के सगे भतीजे हैं तो वहीं मनसे प्रमुख राज ठाकरे उनके चचेरे चाचा हैं। हर्षवर्धन पाटिल ने राज ठाकरे को भी दोनों की शादी का न्योता भेजा है। अंकिता और निहार 28 दिसंबर को मुंबई के ताज होटल में विवाह बंधन में बंधेगे। महाराष्ट्र के ज्यादातर राजनीतिक परिवारों में शादी का दौर चल रहा है। ठाकरे परिवार में 28 दिसंबर को शादी है तो इसके अलावा शिवसेना नेता संजय राऊत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, मंत्री गुलाबराव पाटिल, जितेंद्र आव्हाड के घर में भी शादी की तैयारियां चल रही हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *