मुंबई में बारिश बनी आफत, सड़कों पर लगा जाम

मुंबई। मुंबई में भारी बारिश व भूस्खलन के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बुधवार को सड़कों पर जलजमाव होने से ट्रैफिक जाम हो गया। लोकल ट्रेनों व बेस्ट बसों के आवागमन पर भी असर पड़ा है।

बुधवार सुबह मुंबई शहर में 25 से ज्यादा जगहों पर सड़कों पर जलभराव देखने को मिला। व्यस्त दिनचर्या वाले महानगर के अनेक हिस्सों में सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। इससे रोजाना काम धंधे पर जाने वाले मुंबईकरों की हालत बिगड़ गई। उन्हें काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। कालानगर समेत कई इलाकों में वाहन घंटों जाम में फंसे रहे।

मुंबई में जलजमाव के कारण बेस्ट बसों के रास्ते बदलना पड़े। ट्रेनें भी अपने समय से देरी से चल रही हैं। सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ शिवाजी एम सुतार ने बताया कि लाइनों से पानी निकालने के लिए उच्च क्षमता के पंपों की मदद ली जा रही है।  रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने के कारण नियंत्रण में रेलवे पुलिस की मदद ली जा रही है। लेट होने वाली ट्रेनों की सूचना सोशल मीडिया पर दी जा रही है, ताकि स्टेशनों पर भारी भीड़ न हो।
मुंबई पुलिस ने बताया कि चूनाभट्टी इलाके में भूस्खलन के कारण तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। दो लोगों के घायल होने की सूचना है। फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गई है। महाराष्ट्र के सतारा में भूस्खलन की खबर मिली है। प्रतापगढ़ किले के पास यह घटना हुई। हालांकि इसमें किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *