राजस्थान के सीएम से पंजाब के सीएम ने की मुलाकात

पंजाब। पंजाब और राजस्थान के बीच नहरी पानी के बंटवारे को लेकर कई साल से चल रहा विवाद सुलझने की उम्मीद है। रविवार को जयपुर पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बैठक में नहरी पानी के बंटवारे पर चर्चा की। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पंजाब आने का न्योता दिया, जिसको गहलोत ने स्वीकार कर लिया है। अब संभावना है कि जल्द ही गहलोत पंजाब दौरे पर आएंगे, जहां पंजाब और राजस्थान के बीच चल रहे विवादों पर चर्चा कर समाधान ढूंढा जाएगा। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के बीच रावी-ब्यास नदी विवाद वर्षों से चला आ रहा है। जल बंटवारे के तहत 1955 में केंद्र सरकार ने राज्यों की सहमति से रावी और ब्यास नदी के पानी को राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में बांटने की बात तय की थी। तब से लेकर आज तक तीनों राज्यों में पानी के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। हरियाणा के साथ पंजाब और राजस्थान के बीच भी नहरी पानी के बंटवारे का मसला नहीं सुलझा है। नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सूबे के सभी गंभीर मुद्दों पर तेजी से काम कर रहे हैं। इस बीच रविवार को चन्नी राजस्थान दौरे पर गए। जयपुर में उन्होंने गहलोत के नए मंत्रिमंडल के समारोह में शिरकत की। अशोक गहलोत ने चन्नी का माला पहनाकर सम्मान किया। इसके बाद दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच पंजाब के सियासी मुद्दों के साथ ही पानी बंटवारे को लेकर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *