दिल्ली को आरसीबी ने सात विकेट से हराया

स्पोर्ट्स। श्रीकर भरत (78) और ग्लेन मैक्सवेल (51) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने आईपीएल 2021 के 56वें मुकाबले में दिल्ली को सात विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने पांच विकेट गंवाकर 164 रन बनाए थे। पृथ्वी शॉ ने 48 रन (चार चौके, दो छक्के) और शिखर धवन ने 43 रन (तीन चौके, दो छक्के) की पारी खेली। धवन ने साथ ही दिल्ली फ्रेंचाइजी के लिए दो हजार रन भी पूरे किए। वहीं, बैंगलोर की ओर से मोहम्मद सिराज ने दो विकेट लिए, जबकि युजवेंद्र चहल, हर्षल पटेल और डैनियल क्रिश्चियन को एक-एक विकेट मिला। जवाब में आरसीबी ने 166 रन बनाकर यह मैच अपने नाम कर लिया। बैंगलोर को आखिरी ओवर में 15 रन की जरूरत थी। आवेश खान गेंदबाजी कर रहे थे, जबकि भरत मैक्सवेल क्रीज पर थे। ओवर की पहली गेंद पर मैक्सवेल ने चौका लगाया। इसके बाद अगली गेंद पर दो रन लेकर फिफ्टी पूरी की। यह इस आईपीएल में उनका छठा अर्धशतक रहा। अगली तीन गेंदों पर चार रन आए। आखिरी गेंद पर बैंगलोर को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे। भरत ने छक्का लगाकर अपनी टीम (आरसीबी) को जीत दिलाई। भरत और मैक्सवेल के बीच चौथे विकेट के लिए 111 रन की नाबाद साझेदारी हुई। वहीं दिल्ली की तरफ से एनरिच नोर्टजे ने सर्वाधिक दो विकेट झटके। इस जीत के साथ बैंगलोर के अंकतालिका में 18 अंक हो गए हैं। हालांकि उसका नेट रन रेट -0.140 है। वहीं, दिल्ली की टीम अंकतालिका में 20 अंकों के साथ शीर्ष पर बरकरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *