रोहतांग-मनाली की ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश में रोहतांग, पांगी और मनाली की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। आज प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश, अंधड़ और बर्फबारी का येलो अलर्ट है। 25 अक्टूबर से मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज होने की संभावना है। राजधानी शिमला में शनिवार को मौसम साफ रहा। शाम के समय शहर में हल्के बादल छाए। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले में मौसम के करवट बदलते ही शनिवार को 13050 फीट रोहतांग दर्रा सहित मनाली की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। चंबा के पांगी, सुराल भटोरी, हुडान, चस्क, कुमार भटोरी और साच दर्रा में शनिवार सुबह पांच से छह इंच ताजा हिमपात हुआ है। निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। बर्फबारी से साच दर्रा यातायात के लिए बंद हो गया है। शनिवार को प्रदेश के कई मैदानी क्षेत्रों में दिन भर बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान में सामान्य से तीन डिग्री की कमी दर्ज हुई। ऊना में अधिकतम तापमान 32.0, बिलासपुर में 29.0, सुंदरनगर में 28.6, हमीरपुर में 27.3, नाहन में 25.5, कांगड़ा में 24.9, धर्मशाला में 23.2, भुंतर में 21.8, चंबा में 21.1, शिमला में 20.4, कल्पा में 14.0, डलहौजी में 12.8 और केलांग में 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *