अफवाहों को भूलकर वर्ष 2022 के लिए हो जाएं एकजुट: जेपी नड्डा

हिमाचल प्रदेश। अफवाहों को भूलकर वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता एकजुट हो जाएं। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पीटरहॉफ शिमला में चल रही पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को मणिपुर से वर्चुअली संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं से कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार को मजबूत करते हुए आगे बढ़ें। उन्होंने कोविड वैक्सीनेशन में अव्वल रहने पर हिमाचल प्रदेश को बधाई दी। हिमाचल प्रदेश में एक संसदीय सीट और तीन विधानसभाओं में हुए उपचुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद हुई प्रदेश कार्यसमिति की तीन दिवसीय बैठक के अंतिम दिन नड्डा ने एकजुट होकर केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की जयराम सरकार के बनाए विकास के रथ पर सवार होकर 2022 के चुनाव में जीत का सफर तय करने के लिए सियासी बिगुल फूंक दिया। नड्डा ने कहा कि सोशल मीडिया को दरकिनार कर यह साफ समझ लें कि प्रदेश की सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में ही काम करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आपसी मतभेद भूलकर केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस बात पर जोर दिया कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन वाली सरकार ने राज्य में जो विकास की क्रांति लाई है, उसे जनता तक पहुंचाएं। परिवारवाद पर फिर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा में पार्टी ही परिवार है और बाकी पार्टियों में परिवार ही पार्टी है। नड्डा ने कहा कि हम लोकतंत्र में गद्दी पर आसीन होने नहीं आए हैं। हमें परिवर्तन का माध्यम बनना है और हम राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं। पार्टी के समर्पण भाव को दर्शाने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अपना उदाहरण देते हुए कहा कि केवल भाजपा है, जिसमें आंतरिक लोकतंत्र है और जहां अत्यंत गरीब परिवार से आए नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री और उनके जैसे साधारण कार्यकर्ता का पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *