रूस-यूक्रेन युद्ध: भारतीय नागरिकों को निकालने का अभियान हुआ तेज…

नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन की जंग में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने का अभियान तेज कर दिया गया है। वायुसेना के सी-17 ग्लोबमास्टर परिवहन विमान तीन देशों से आठ सौ भारतीयों को लेकर लौट रहे हैं। पहला विमान बुधवार की देर रात 10:30 बजे हिंडन वायुसेना स्टेशन पहुंच गया।

वहीं एक अन्य भारतीय वायुसेना का C-17 विमान 220 भारतीय यात्रियों को लेकर गुरुवार की सुबह हिंडन एयरपोर्ट पहुंच गया है। ये सभी भारतीय नागरिक हंगरी के बुडापेस्ट से लाए गए हैं। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने यूक्रेन से आने वाले भारतीय नागरिकों के साथ बातचीत की।

अगले 24 घंटे में यूक्रेन के पड़ोसी देशों के माध्यम से भारतीयों को लेकर 15 विमान लौटेंगे। अब तक 3,352 भारतीय वापस आ चुके हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि वायुसेना के चार सी-17 विमान बुडापेस्ट (हंगरी), बुखारेस्ट (रोमानिया) व रेजेजॉ (पोलैंड) से बृहस्पतिवार सुबह 8:30 बजे तक आ जाएंगे।

कई अन्य उड़ानें भी रवाना हो चुकी हैं। विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने बताया कि यूक्रेन में फंसे 20 हजार भारतीयों में से अब तक 6,000 को स्वदेश लाया जा चुका है। इस बीच समन्वय के लिए भेजे गए केंद्रीय मंत्री वीके सिंह पोलैंड, किरेन रिजिजू स्लोवाकिया, हरदीप पुरी हंगरी, जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया रोमानिया और माल्दोवा पहुंचे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *