श्रीनगर में माइनस 1.5 डिग्री पहुंचा पारा…

जम्मू-कश्मीर। शुष्क मौसम में जम्मू-कश्मीर में सुबह व रात कड़ाके की ठंड पड़ रही है। श्रीनगर में बीती रात माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सीजन की सबसे ठंडी रात रही। पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के अनुसार प्रदेश में 24 नवंबर तक बारिश या बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। मौसम शुष्क बने रहने से न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। जम्मू जिले में भी सुबह, शाम और रात को सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। यहां पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होकर 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है। वहीं अधिकतम तापमान यहां पर 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा है। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दिन का अधिकतम तापमान 22.6 और न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।कश्मीर में लगभग सभी जिलों में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। रात को बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। दिन का तापमान भी 20 डिग्री से नीचे है। जम्मू संभाग में भी सर्दी में बढ़ोतरी हुई है। लेह और कारगिल में भी ठंड से कोई राहत नहीं है। यहां दोनों जगह दिन का तापमान दस डिग्री से नीचे चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सर्दी में भी वृद्धि होगी। घाटी के सभी जिलों में रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री नीचे चल रहा है। जम्मू में दिनभर मौसम साफ रहा, लेकिन ठंडक का अहसास बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *