जितना कीचड़ उछालोगे कमल उतना ही खिलकर बाहर आएगा: गृहमंत्री अमित शाह

कर्नाटक। कर्नाटक में गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। शाह ने कहा कि राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस का स्तर दिन प्रतिदिन गिरता जा रहा है। ये लोग पीएम मोदी के कब्र खोदने की बात कहते हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने शु्क्रवार को कर्नाटक में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान आम आदमी पार्टी को भी आड़े हाथों लिया।

रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस वालों का बयान देखिए। इनके पास विजय का कोई सूत्र नहीं बचा है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का स्तर दिन प्रतिदिन गिरता जा रहा है। ये लोग क्या नारा लगा रहे हैं, मोदी तेरी कब्र खुदेगी। ये आप पार्टी वाले कहते हैं मोदी तुम मर जाओ। अरे भाई… आपके कहने से क्या होता है? ऐसा कहने से ईश्वर आपकी नहीं सुनेगा। 130 करोड़ की जनता मोदी जी के लंबी आयु के लिए प्रार्थना कर रही है।’

उन्‍होंने आगे राहुल गांधी के साथ कर्नाटक के अन्य नेताओं का भी जिक्र किया। उन्‍होंने कहा कि सुन लो कांग्रेस वालों… जितना कीचड़ मोदी जी पर उछालोगे कमल उतना ही खिलकर बाहर आएगा। क्योंकि कमल का तो स्वभाव ही है। कीचड़ के बीच सुगंध फैलाने का। आप जितना भी गाली मोदी जी को दोगे, कभी भी आप सफल नहीं हो पाओगे।

पूर्वोत्तर में मिली जीत पर भी अमित शाह ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के लिए पहले कहा जाता था कि वहां एंट्री नहीं हो सकती है, वहां दूसरी बार तीनों जगह पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है। गृहमंत्री ने इस दौरान कर्नाटक के लोगों से पूर्वोत्तर के लोगों के लिए तालियां भी बजवाईं। उन्‍होंने कहा कि कल त्रिपुरा, नागालैंड, मेघालय के नतीजे घोषित हुए और इन राज्यों से कांग्रेस का सफाया हो गया और वे इस कदर हार गए हैं कि उन्हें दूरबीन से भी नहीं देखा जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *