ग्रोथ का इंजन बना यूपी, बेरोजगारी दर घटकर 4.2 प्रतिशत- वित्तमंत्री सुरेश खन्ना

लखनऊ। यूपी के वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विधानमंडल में बजट भाषण पढ़ा। उन्होंने यूपी ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2023 में प्रदेश सरकार को प्राप्त हुए निवेश प्रस्ताव की जानकारी दी। कहा कि सरकार को प्रदेश में निवेश के लिए 33 लाख करोड़ से अधिक के प्रस्ताव प्राप्त हुए।

वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश 24 करोड़ की देश की सर्वाधिक जनसंख्या वाला राज्य है हमारा प्रदेश न केवल भारत का सबसे बड़ा उपभोक्ता एवं श्रम बाजार है अपितु गंगा के उपजाऊ मैदानों के किनारे प्रदेश में प्रचुर प्राकृतिक संसाधन विद्यमान हैं। देश की जीडीपी में प्रदेश का योगदान 08 % से अधिक का हैं।

उन्‍होंने कहा कि मुझे यह बताते हुए हर्ष है कि वर्ष 2021-22 में प्रदेश के सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) में 16.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो देश की विकास दर से अधिक रही। वित्तीय वर्ष 2023 2024 के लिए GSPD में वृद्धि की दर 19 प्रतिशत अनुमानित की गई है। वैश्विक मंदी के दौर में प्रदेश की अर्थव्यवस्था की विकास दर उत्साहजनक है। वर्ष 2017 के पूर्व, प्रदेश की बेरोजगारी दर 14.4 प्रतिशत थी, आज यह घटकर लगभग 4.2 प्रतिशत हो गयी है। यह प्रदेश की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिनांक 10 से 12 फरवरी, 2023 के मध्य यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का भव्य एवं अत्यन्त सफल आयोजन किया गया। इस समिट के आयोजन के पूर्व प्रदेश सरकार के मंत्रियों एवं अधिकारियों के प्रतिनिधि मण्डल 16 देशों के 21 शहरों में भेजे गये जहां उनके द्वारा व्यापारिक समुदाय को प्रदेश में निवेश की संभावनाओं के संबंध में अवगत कराया गया और इसी थीम पर रोड शो आयोजित किए गए।

इन देशों में अमेरिका, कनाडा, यूके जर्मनी, बेल्जियम, स्वीडन, नीदरलैण्ड्स, फ्रांस, मैक्सिको, ब्राजील, अर्जेन्टीना, जापान, दक्षिण कोरिया, संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर व ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इसी क्रम में राज्य सरकार द्वारा भारत के 08 प्रमुख नगरों मुम्बई, बंगलूरू, हैदराबाद, चेन्नई, दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद एवं चण्डीगढ़ में रोड शो का आयोजन किया गया। इसके परिणामस्वरूप यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में 25,000 से अधिक निवेशकों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

वित्तमंत्री ने कहा कि यूपी में निवेश बढ़ा है। कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है। वैश्विक मंदी के दौर में विकास उत्साहजनक है। यूपी ग्रोथ का इंजन बन गया है। यूपी की विकास दर में वृद्धि हुई है। बेरोजगारी दर घटकर 4.2 प्रतिशत हुई। यूपी में 7200 स्टार्टअप काम कर रहे हैं। 36 लाख से ज्यादा बच्चों का टीकाकरण हो गया है। महिला सामर्थ योजना में 63 करोड़ की व्यवस्था की गई है। तीन महिला PAC का गठन किया गया है। किसानों के खातों में 51 हजार करोड़ से अधिक की राशि भेजी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *