वंदे भारत एक्सप्रेस बनी देश की पहली ‘सात्विक’ ट्रेन

नई दिल्ली। नई दिल्ली से कटरा वैष्णो देवी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में नॉनवेज खाने और ले जाने पर पाबंदी होगी। ये ट्रेन देश की पहली ऐसी ट्रेन है जिसे सात्विक सर्टिफिकेट दिया गया है। यह ट्रेन अब पूर्ण रुप से हाइजेनिक और वेजिटेरियन है।

ट्रेनों में खानपान की सुविधा उपलब्ध कराने वाली आईआरसीटीसी और सात्विक काउंसिल ऑफ इंडिया के बीच में समझौता हुआ है। इसी के तहत आईआरसीटीसी ने वंदे भारत से वेजिटेरियन ट्रेन बनाने की शुरुआत कर दी है। अब धीरे-धीरे अन्य धार्मिक स्थलों को जाने वाली अन्य ट्रेनों को भी वेजिटेरियन बनाया जाएगा।

आईआरसीटीसी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि इस ट्रेन के अलावा अन्य धार्मिक स्‍थलों पर जाने वाली ट्रेनों में नॉनवेज खाने पर प्रतिबंध होगा। क्योंकि इन ट्रेनों में सफर करने वाले अधिकांश यात्री ऐसे होते हैं, जो धार्मिक यात्रा पर होने के कारण यात्रा के दौरान पूरी तरह से सात्विक खाना पसंद करते हैं। इसके बाद सामान्य ट्रेनों को भी सात्विक बनाया जाएगा।

कई यात्री ट्रेनों में सफर के दौरान परोसे जाने वाला खाना शुद्धता के साथ सफाई के चलते खाना पसंद नहीं करते हैं। यात्रियों के मन में हमेशा सवाल रहता है कि यह खाना बनाने के दौरान साफ-सफाई का ध्यान रखा गया है या नहीं। वेज और नॉनवेज को अलग-अलग पकाया गया है या नहीं। यात्रियों की इन्हीं सभी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए आईआरसीटीसी ने सात्विक ट्रेन की शुरुआत की है। जिसमें सभी यात्रियों को शुद्ध शाकाहारी खाना ही दिया जाएगा।

सात्विक काउंसिल ऑफ इंडिया का कहना है कि वंदे भारत ट्रेन को सात्विक का सर्टिफिकेट देने से पहले कई तरह की प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं। इसमें खाना बनाने की विधि, किचन, परोसने और सर्व करने के बर्तन, रखने का तरीके की जांच की गई। सभी प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही सर्टिफिकेट दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *