त्रिपुरा में 60 सीटों पर मतदान जारी, सुबह 9 बजे तक 13.92 फीसदी वोटिंग

त्रिपुरा। त्रिपुरा में 60 सीटों वाली विधानसभा के लिए मतदान जारी है। शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग ने पुख्‍ता बंदोबस्त कर रखे हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच 3,337 मतदान केंद्रों पर आज सुबह सात बजे से मतदान होना शुरू हो गया है जो शाम चार बजे तक होगा। चुनाव में मुख्य रूप से भाजपा, आइपीएफटी गठबंधन, माकपा, कांग्रेस गठबंधन और पूर्वोत्तर राज्य के पूर्व शाही परिवार के वंशज द्वारा गठित एक क्षेत्रीय पार्टी टिपरा मोथा हैं। वोटों की गिनती 2 मार्च को होगी। 20 महिला उम्मीदवारों सहित कुल 259 प्रत्याशी मैदान में हैं। चप्पे-चप्पे पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है।

त्रिपुरा में 3,337 पोलिंग स्टेशनों में शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव हो रहा है। किसी भी तरह की गड़बड़ी अभी तक सुनने को नहीं मिली है। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में सुबह 9 बजे तक करीब 13.92 प्रतिशत मतदान हुआ है।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने किया मतदान:-

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बोरडोवली विधानसभा क्षेत्र के महारानी तुलसीबती गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल के बूथ नं. 16 में मतदान किया। मतदान डालने के बाद साहा ने कहा कि मुझे मतदान करके बहुत अच्छा लगा। आपलोग भी भारी संख्या में मतदान करें।

पीएम मोदी ने की मतदाताओं से बड़ी अपील:-

पीएम मोदी ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि त्रिपुरा के लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने और लोकतंत्र के त्योहार को मजबूत करने का आग्रह करते हुए मैं विशेष रूप से युवाओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान करता हूं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *