Weather news: देश के एक बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 20 से 22 मार्च के बीच देश के कई हिस्सों में मौसमी गतिविधियां देखने को मिलेंगी. इस दौरान उत्तर के पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी, जबकि पूर्वोत्तर में बरसात और मध्य भारत के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि (Hailstorm) की संभावना है. इसके साथ ही दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 30-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं जनजीवन के साथ-साथ तैयार फसलों को भी प्रभावित कर सकती हैं.
यूपी के कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में 20 मार्च को नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, संभल, हापुड़, अलीगढ़, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा और फिरोजाबाद में मेघ गर्जन के साथ आंधी-बारिश का अलर्ट है. इस दौरान वेस्ट यूपी के कुछ जिलों में ओले गिर सकते हैं और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है.
बिहार का बदला मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने 20 मार्च को बिहार के पटना, गया, दरभंगा, नालंदा, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नवादा, जमुई, शेखपुरा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, बेगूसराय और खगड़िया में तेज आंधी और बारिश के बीच ओलावृष्टि और ठनका गिरने का अलर्ट जारी किया है.
राजस्थान में ओलावृष्टि की चेतावनी
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आईएमडी ने अगले दो दिन जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, शेखावटी और कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज आंधी चलने और बारिश होने की संभावना जताई है. इस दौरान कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है.
हरियाणा और पंजाब में तेज आंधी, बारिश के संकेत
हरियाणा और पंजाब में अगले दो दिन नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है. कहीं-कहीं ओलावृष्टि और वज्रपात होने का खतरा है. खासकर, हिसार, नारनौल, भिवानी, चरखी और दादरी समेत कई अन्य जिलों में बारिश होगी. पंजाब के चंडीगढ़, पठानकोट, अमृतसर, पटियाला, रूपनगर, लुधियाना, एसबीएस नगर समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तराखंड और हिमांचल प्रदेश में हिमपात का अनुमान
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे के दौरान रूद्रप्रयाग, केदारनाथ धाम, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी. हिमाचल प्रदेश में 24 मार्च तक लाहौल-स्पीति, कुकुमसेरी, कुल्लू, मंडी, शिमला, चंबा और कांगड़ा के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और हिमपात का अनुमान है. इस दौरान आकाशीय बिजली कड़कने के साथ आंधी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है.
इन राज्यों में बर्फबारी के चेतावनी
जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों, गांदरबल, सोनमर्ग, चिनाब घाटी, बारामूला, कुपवाड़ा, मुगल रोड, श्रीनग घाटी और दक्षिण कश्मीर के ऊंचाई वाले हिस्सों पर बर्फबारी हो रही है. केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मौसम खराब रहने के संकेत हैं.
इसे भी पढ़ें:-नवरात्रि के दूसरे दिन करें माता ब्रह्मचारिणी के 5 मंत्रों का जप, ज्ञान और आत्मबल की होगी प्राप्ति