Skin Care Tips: होली का त्योहार अपने साथ खुशियां और रंगों की बौछार लेकर आता है. लेकिन यह मस्ती तब फीकी पड़ जाती है जब होली (Holi Skin Care) के अगले दिन आपकी त्वचा और बालों पर रंगों के साइड इफेक्ट्स दिखने लगते हैं. अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि होली के बाद उनके चेहरे (Skin Care) पर दाने निकल आए हैं या त्वचा बहुत ज्यादा रूखी हो गई है. वास्तव में बाजार में मिलने वाले सिंथेटिक रंगों में मौजूद रसायन हमारी त्वचा की सुरक्षा परत को नुकसान पहुंचाते हैं.
केमिकल वाले रंग, तेज धूप और बाद में बार-बार धोना, त्वचा और बालों की प्राकृतिक नमी छीन लेते हैं. इसलिए थोड़ी सी समझदारी आपको बाद की परेशानी से बचा सकती है. रिपोर्ट के अनुसार, इसके लिए आप ऐसी तैयारी कर सकते हैं.
बालों में अच्छी तरह तेल लगाएं
सूखे बालों में रंग जल्दी चिपकते हैं और बाद में निकलना मुश्किल हो जाता है. घर से निकलने से कुछ घंटे पहले नारियल, बादाम या सरसों के तेल से सिर और बालों की अच्छी तरह मसाज करें. जड़ों से लेकर सिरों तक तेल लगाएं. इसके बाद बालों को चोटी या जूड़े में बांध लें, ताकि नुकसान कम हो.
मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं
होली के दिन सामान्य से ज्यादा मॉइश्चराइजर लगाएं. रंग त्वचा की नमी सोख लेते हैं, जिससे जलन और दाग की समस्या बढ़ती है. चेहरे, गर्दन, हाथ-पैर और कानों के पीछे भी अच्छी परत लगाएं. चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा नारियल या ऑलिव ऑयल लगाकर नमी को लॉक कर सकते हैं.
सनस्क्रीन लगाना न भूलें
होली ज्यादातर बाहर खेली जाती है. कम से कम SPF 30 वाला ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन 20 मिनट पहले लगाएं. चेहरा, गर्दन, हाथ, पैर, कुछ भी न छोड़ें. ज्यादा देर खेलने पर दोबारा लगाना भी जरूरी है.
होंठ, नाखून और आंखों की सुरक्षा
होंठों पर मोटी परत में लिप बाम या थोड़ा सा घी लगाएं. नाखूनों पर नेल पॉलिश लगा लें, ताकि रंग अंदर न जाए. क्यूटिकल्स पर भी तेल या क्रीम लगा लें. आंखों के लिए लेंस से बचें और सनग्लासेस पहनें.
सही कपड़े चुनें
सबसे जरूरी जो चीज है, वह है कि आप सही कपड़ों का चुनाव कैसे करते हैं. इसके लिए फुल स्लीव्स कॉटन कपड़े बेहतर रहते हैं. ढीले कपड़े पहनें, ताकि रंग स्किन से ज्यादा रगड़ न खाएं. चाहें तो स्कार्फ या कैप से बाल ढंक सकते हैं. इसके अलावा होली से एक रात पहले हल्का स्क्रब करें, ताकि डेड स्किन हट जाए, इसके बाद मॉइश्चराइजर या दही-शहद का पैक लगाएं. वैक्सिंग या शेविंग ठीक पहले न करें. और सबसे जरूरी चीज पर्याप्त पानी पिएं.
होली के बाद रंग हटाने का सही तरीका
रंग साफ करने के लिए कभी भी कठोर साबुन या स्क्रब का इस्तेमाल न करें. सबसे पहले नारियल तेल या क्लींजिंग मिल्क से चेहरे की मालिश करें ताकि रंग ढीला पड जाए. इसके बाद किसी माइल्ड फेस वॉश से चेहरा धोएं. रंगों को हटाने के लिए गुनगुने पानी का प्रयोग करना बेहतर होता है. बालों को धोने के लिए पहले उन्हें केवल सादे पानी से साफ करें जब तक कि सारा रंग निकल न जाए फिर सल्फेट फ्री शैम्पू और कंडीशनर का उपयोग करें.
इसे भी पढ़ें:-रंगों की मस्ती में डूबने से पहले करें ये पारंपरिक उपाय, चमक जाएगी किस्मत, घर में बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा