कॉमनवेल्थ गेम्स में कोटा की बेटी अरुंधती चौधरी का कमाल, क्वार्टर फाइनल में दर्ज की शानदार जीत

Commonwealth games 2026: राजस्थान के कोटा की बेटी और भारतीय बॉक्सर अरुंधती चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है. स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अरुंधती ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए भारत के लिए पदक पक्का कर लिया है. क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्होंने न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को 3-1 से हराकर भारत के लिए एक और पदक पक्का कर दिया. इस कॉमनवेल्थ गेम्स में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाली अरुंधति चौधरी प्रदेश की एकमात्र खिलाड़ी हैं.

क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अरुंधती शुरुआत से ही आक्रामक नजर आईं. उन्होंने अपनी तेज तकनीक, मजबूत पंच और बेहतरीन रणनीति के दम पर न्यूजीलैंड की खिलाड़ी को मुकाबले में दबाव में रखा.अरुंधती ने पूरे मुकाबले के दौरान संयम बनाए रखा और हर राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की. उनकी इस उपलब्धि से भारतीय दल में खुशी की लहर दौड़ गई.

अरुंधती की जीत की खबर मिलते ही कोटा में खुशी का माहौल बन गया. परिवार, खेल प्रेमियों और शहरवासियों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया.लोगों का कहना है कि अरुंधती ने अपनी मेहनत और लगन से कोटा ही नहीं बल्कि पूरे राजस्थान का नाम रोशन किया है.

अब अरुंधति का सेमीफाइनल मुकाबला 31 जुलाई को यूनाइटेड किंगडम की बॉक्सर एकलस राओसी के खिलाफ होगा. उनके पिता सुरेश चौधरी ने विश्वास जताया कि अरुंधति यहीं नहीं रुकेगी और सेमीफाइनल के साथ-साथ फाइनल मुकाबला जीतकर देश के लिए स्वर्ण पदक भी हासिल करेगी.


इसे भी पढ़ें:-सावन के पहले दिन अयोध्या से हरिद्वार तक गूंजे भोलेनाथ के जयकारे, देशभर के शिव मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *