मुंगेर में तेज रफ्तार कार का कहर, कई लोगों को रौंदा, 3 की मौके पर मौत

Bihar: बिहार के मुंगेर जिले से तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला है. तेलिया तालाब के पास अनियंत्रित कार ने कुछ मजदूरों को रौंद डाला. इस घटना में 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कुछ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उन्हें निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस को भी स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना दे दी है.

लोगों को रौंदते हुए गैराज में जा घुसी अनियंत्रित कार

जानकारी के मुताबिक, तेलिया तालाब के पास गाड़ियों की ‘मरम्मत’ के लिए एक गैराज है. हर दिन की तरह गैराज में काम चल रहा है. वहीं बाहर एक ट्रक में आई खराबी को तीन लोग मिलकर सही कर रहे थे. तभी अचानक बेकाबू कार सीधे गैरेज में घुस गई. कार इतनी ज्यादा स्पीड में थी कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला. इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई और पास में मौजूद कुछ लोग भी कार की चपेट में आ गए. फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला

मृतकों की पहचान मिन्नत नगर निवासी मुहम्मद शाहिद उर्फ टिंकू, बनौदा निवासी मुहम्मद अरमान आलम और नया रामनगर थाना क्षेत्र के नौवागढ़ी निवासी राजा के रूप में हुई है. घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई. हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने कार को घेर लिया और पुलिस के सामने ही उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया.

फरार ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही एसएचओ विपिन कुमार सिंह पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हालात को संभालने में जुट गए. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ड्राइवर और उसमें सवार अन्य लोगों की  तलाश शुरू कर दी है. सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है.

इसे भी पढ़ें:-NTPC अस्सिटेंट एग्जीक्यूटिव के पदों पर भर्ती, जानें आवेदन प्रक्रिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *