बिहार में बनेगा पहला महिला समर्पित विश्वविद्यालय, कुलपति से छात्रा तक सब होंगी महिलाएं

Bihar: बिहार की बेटियों और महिलाओं के लिए रक्षाबंधन के मौके पर एक बड़ी खुशखबरी आई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को घोषणा की कि बिहार में एक महिला विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा, जहां कुलपति, प्रोफेसर, कर्मचारी से लेकर छात्राओं तक सभी महिलाएं होंगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि जब महिलाएं समृद्ध होंगी, तभी बिहार समृद्ध होगा और भारत विकसित बनेगा.

महिला सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार के प्रयासों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज, कार्यालय और जीविका समूहों के आसपास ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती सुनिश्चित की गई है. महिला पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि छात्राओं और महिलाओं की शिकायतों का तेजी से समाधान किया जा सके. इसके लिए सीएम ने 4700 दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, ताकि मनचलों पर लगाम लगाई जा सके.

1000 छात्राओं को हर महीने मिलेंगे 10 हजार रुपये

मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि एक हजार छात्राओं को पीएचडी की पढ़ाई के लिए हर महीने 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. उन्होंने बताया कि बिहार में फिलहाल करीब 4,600 शोधार्थी पीएचडी कर रहे हैं, जिनमें लगभग 600 महिलाएं हैं. सरकार का लक्ष्य महिलाओं की उच्च शिक्षा में भागीदारी को और बढ़ाना है.

इसे भी पढ़ें:-दिल्ली के बाद अब यूपी में स्वाइन फ्लू की दस्तक, लखनऊ-बलरामपुर में संक्रमित महिलाओं ने तोड़ा दम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *