Bihar: बिहार के कटिहार में रविवार देर रात पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के काफिले के साथ दुर्घटना हो गई। बेलोरी-सोनैली-सालमारी मुख्य मार्ग पर उनकी सुरक्षा में चल रही स्कॉर्ट गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। हालांकि, सांसद पप्पू यादव पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। वहीं, सड़क की खराब हालत और निर्माण कार्य में कथित लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है।
रात के सफर के दौरान अचानक हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10:45 बजे सांसद पप्पू यादव कटिहार से सोनैली की तरफ जा रहे थे। उनका काफिला बेलोरी-सोनैली-सालमारी मुख्य सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान काफिले में शामिल स्कॉर्ट वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी सड़क के किनारे बने गड्ढे में जा गिरी।
अचानक हुई इस दुर्घटना से काफिले में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया, हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, स्थानीय लोगों और सांसद के समर्थकों ने घायलों की स्थिति जानने के साथ राहत पहुंचाने में मदद की,
पांच लोगों को आई चोटें
दुर्घटना में स्कॉर्ट गाड़ी में सवार पांच लोग घायल हुए हैं। किसी को गर्दन में चोट लगी, तो किसी के माथे और पीठ पर चोट आई है। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
राहत की बात यह रही कि सांसद पप्पू यादव हादसे के दौरान सुरक्षित रहे और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई। दुर्घटना के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए भी अपने सुरक्षित होने की जानकारी साझा की।
हादसे के बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ‘जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई’ कहा। उनके इस संदेश के बाद समर्थकों ने राहत की सांस ली, दुर्घटना में सांसद के सुरक्षित बचने की खबर के बीच घायल हुए लोगों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।