Ahmedabad Metro: केंद्र सरकार की मोदी कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2A को मंजूरी दे दी है. इस परियोजना के तहत कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक 6.032 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिसमें कुल 5 स्टेशन बनाए जाएंगे. इनमें 4 एलिवेटेड और 1 भूमिगत स्टेशन शामिल होगा.
परियोजना के पूरा होने के बाद अहमदाबाद-गांधीनगर में सक्रिय मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 77.63 किलोमीटर हो जाएगी. नए कॉरिडोर के प्रस्तावित स्टेशनों में आश्रम रोड, कोटेश्वर प्राचीन मंदिर, साबरमती रिवर, सरदार नगर और एयरपोर्ट शामिल हैं. सरकार के अनुसार, परियोजना की कुल लागत 2,169.04 करोड़ रुपये होगी.
चार एलिवेटेड और एक अंडरग्राउंड स्टेशन
परियोजना के तहत कुल पांच नए स्टेशन बनाए जाएंगे. इनमें चार स्टेशन एलिवेटेड (ऊंचाई पर) होंगे, जबकि एक स्टेशन भूमिगत बनाया जाएगा. सरकार का लक्ष्य अगले चार वर्षों में इस परियोजना को पूरा करने का है.
कॉमनवेल्थ गेम्स को मिलेगा बड़ा सहारा
अहमदाबाद 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारी कर रहा है. मेट्रो का यह विस्तार प्रस्तावित कॉमनवेल्थ एन्क्लेव को एयरपोर्ट से जोड़ेगा. इससे खिलाड़ियों, अधिकारियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आसानी से यात्रा करने की सुविधा मिलेगी.
अहमदाबाद, गांधीनगर और GIFT City की कनेक्टिविटी होगी बेहतर
सरकार के अनुसार नया मेट्रो कॉरिडोर अहमदाबाद, गांधीनगर, GIFT City और एयरपोर्ट के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करेगा. इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट सर्विसेस के साथ भी बेहतर एकीकरण होगा, जिससे यात्रियों को मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट सुविधा मिल सकेगी.
रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे
अहमदाबाद मेट्रो फेज-2A परियोजना के निर्माण के दौरान लगभग 2,000 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है. वहीं, संचालन और रखरखाव के दौरान करीब 500 लोगों को रोजगार मिलेगा. सरकार के अनुसार, यह परियोजना अहमदाबाद के शहरी विकास, सतत परिवहन और बेहतर जीवन गुणवत्ता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.
इसे भी पढ़ें:-सेना कर रही बड़ी तोप खरीद की तैयारी, 300 नए K9 वज्र से कांपेंगे भारत के दुश्मन