Haryana: हरियाणा के राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 152-डी पर लजवाना कलां गांव के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आया है. खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में एक महिला सहित तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, एनएच152-डी पर कार के सामने अचानक एक आवारा पशु के आ जाने से टक्कर हो गई. सभी वाहन से नीचे उतरकर कार की स्थिति देखने लगे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कैंटर ने सड़क किनारे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर कार के ऊपर पलट गया और दोनों वाहन सड़क से नीचे खेतों में जा गिरे. हादसे में धर्मपाल (43), राजकुमार (50) और स्वीटी (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीतू और रितू गंभीर रूप से घायल हो गईं.
हादसे की सूचना मिलते ही आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. पुलिस और राहत टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला. घायलों को तुरंत नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलाना ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया. मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल जींद के शवगृह में रखवाया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें:-रेलवे स्टेशन से लेकर प्रमुख मन्दिरों पर अतंकियों की नजर, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क